राजस्थान में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरे होने को लेकर सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसके तहत सवाई माधोपुर में भी जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी कड़ी में आज जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय विशेष स्वच्छता व श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके तहत जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों ने आज रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में साफ सफाई कर श्रमदान किया। स्वच्छता व श्रमदान कार्यक्रम के तहत अधिकारी- कर्मचारियों ने अपने हाथों में झाड़ू थामी और रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया। हाथों में झाड़ू थामे दिखे जिला स्तरीय अधिकारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि सरकार के दो साल होने पर सुशासन सप्ताह के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जिनके माध्यम से सरकार की ओर से दो साल में किए गए कार्यो के बारे में लोगों को जानकारी देने के साथ ही सरकार के विजन को लोगो से रूबरू करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वच्छता व श्रमदान के माध्यम से आज लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। जिससे लोग भी अपनी जिम्मेदारी समझे और सरकार के स्वच्छता के विजन को पूरा करने में अपनी भागीदारी निभाए। इस दौरान जिले के आलाधिकारियों कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यहां लोगों ने स्वच्छता एंव श्रमदान कार्यक्रम के तहत साफ सफाई कर अपनी भागीदारी निभाई। इस दौरान स्वच्छता को लेकर शपथ भी दिलवाई गई।


