रतलाम के चिकलाना में एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री संचालित करने के मामले में जावरा कोर्ट से 9 आरोपियों को जेल भेजा गया है। गुरुवार को 12 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था। मुख्य सरगना दिलावर खान, इसके बेटे अयाज व दामाद याकूब का पांच दिन का और पुलिस रिमांड मिला है। आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां पुलिस को मिलीं। अब तक कुल 17 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। ड्रग फैक्ट्री में से मिले निलंबित सब इंस्पेक्टर रउफ खान के नाम के आईडी कार्ड को लेकर भी पुलिस ने नोटिस भेजा है। पुलिस ने गांव में मुख्य सरगना दिलावर के भांजे नदीम के घर भी तलाशी ली। दिलावर के घर से एक बाइक भी जब्त की है। दिलावर की भांजी की ड्रग निर्माण में भूमिका आने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। भांजी भी केमेस्ट्री की स्टूडेंट निकली है। चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद हर दिन नए खुलासे हो रहे है। पुलिस हर एक पहलु को ध्यान में रख अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। निलंबित सब इंस्पेक्टर को भेजा नोटिस ड्रग फैक्ट्री में दबिश के दौरान पुलिस को दो साल पूर्व निलंबित सब इंस्पेक्टर रउफ खान के नाम का पुलिस आई कार्ड मिला था। साथ ही आर खान लिखी पुलिस वर्दी भी मिली थी। दो साल पूर्व अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के चलते सब इंस्पेक्टर रउफ खान का निलंबन किया था। तब से लेकर आज तक वह निलंबित है। पीएचक्यू व सीआईडी द्वारा इसके निलंबन के केस व विभागीय जांच कर रही है। रउफ खान को भोपाल पीएचक्यू में अटैच कर रखा है। सीआईडी विभागीय जांच कर रही है। इस कारण सीआईडी के मार्फत इसको एक सूचना पत्र भेजा है। इससे पूछा गया है कि आखिर आईडी कार्ड दिलावर खान के घर से क्यों मिला है। वर्दी के संबंध में जानकारी मांगी है। इसके अलावा पुलिस के जो आईडी कार्ड जारी होते है वह इंदौर से होते है। पुलिस वहां से भी इस आईडी कार्ड के बारे में जानकारी जुटा रही है। दिलावर के बेटे अजहर का फोटो लगा एक इंडियन आर्मी जम्मू एंड काश्मीर राइफल का भी आईडी कार्ड मिला था। जिसमें अजहर ने अपने आपको लांस नायक बता रखा है। इस बारे में पुलिस तस्दीक कर रही है, इस कार्ड का आखिर क्या उपयोग किया। दिलावर पर 5 एफआईआर दिलावर खान पठान पर पुलिस का शिकंजा कड़ा हो गया है। दिलावर खान को पकड़ने के बाद इससे पीड़ित कई लोग सामने आए। जिस पुलिस ने दिलावर खान पर एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट के अलावा अब तक कुल पांच एफआईआर दर्ज की है। जिसमें डरा धमका कर जमीन हड़पना, काम के बदले रुपए नहीं देना, मारपीट करना आदि शामिल है। भांजी भी केमेस्ट्री की स्टूडेंट पुलिस ने 15 जनवरी की रात दिलावर खान पठान के घर से 16 आरोपियों को पकड़ा था। जिनमें दिलावर खान समेत उसकी दो पत्नियां, दो बेटे, बहू, बेटी व दामाद समेत 16 लोग शामिल थे। जिनमें से पत्नी, बहू व एक अन्य को पहले ही कोर्ट से जेल भेजा जा चुका था। 11 आरोपी का पुलिस रिमांड चल रहे थे। पुलिस ने चिकलाना से दिलावर की भांजी इंशा को भी दो दिन पूर्व अरेस्ट किया है। इसकी भूमिका भी एमडी ड्रग बनाने में सामने आई है। भांजी भी केमेस्ट्री की स्टूडेंट है। बुधवार को पुलिस ने दिलावर के भांजे नदीम के घर भी तलाशी ली। दिलावर के घर से एक बाइक को भी जब्त किया है। बता दे कि दिलावर खान पठान की बेटी बखमीना भी केमेस्ट्री की स्टूडेंट रह चुकी है। इसे ड्रग फार्मूला मालूम है। हालांकि यह लोग कच्ची सामग्री व केमिकल कहां से लाते थे, इस बारे में पुलिस ने अभी खुलासा नहीं किया है। सफेदपोशों व अधिकारियों का आना जाना पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पुलिस को अहम सुराग मिले है। साथ ही कुछ सफेदपोश व पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के नाम भी सामने आए है जिनका इसके यहां आना-जाना लगा रहता था। उन लोगों के नाम भी पुलिस के पास आ गए है। पुलिस उन नाम के आधार पर इनकी तस्दीक कर रही है आखिर किस कारण से यह लोग आते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर इन लोगों की संलिप्तता मिलती है तो इन पर कार्रवाई की जाएगी। चैक व रजिस्ट्रियां भी मिली पुलिस को दिलावर खान पठान के घर से कई दस्तावेज भी मिले है। जिनमें अधिकतर जमीनों की 200 से अधिक रजिस्ट्रियां व एग्रीमेंट पेपर है। इसके अलावा करीब 90 चेक भी मिले है। दस्तावेज इतने थे कि तीन बोरे भर गए। पुलिस को आशंका है कि लोगों को डरा-धमका कर जमीनों को अपने नाम दिलावर ने कराया है। इसके लिए पुलिस ने दो दिन तक कैंप भी लगाया था। जिसमें दिलावर खान समेत उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ 12 शिकायतें आ चुकी है। नेताओं से संबंध पुलिस को भीम आर्मी से जुड़ी आजाद समाज पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेताओं से भी दिलावर खान के संबंध सामने आए है। दिलावर खान आजाद समाज पार्टी से 2023 में जावरा विधानसभा में चुनाव भी लड़ चुका है। पुलिस इसकी संपत्ति की भी जांच कर रही है। पुलिस को हवाला कारोबार से भी इसके जुड़ा होने का शक है। बुधवार को रतलाम आए उज्जैन रेंज के एडीजीपी उमेश जोगा भी इस बात को स्वीकारा है कि पूछताछ में कुछ राजनीतिक लोगों, पुलिस अधिकारियों व अन्य का आना-जाना लगा रहता था। इसके बारे में तस्दीक की जा रही है। पुलिस गिरफ्त में आरोपी यह था मामला पुलिस ने 15 जनवरी की रात ढाई बजे चिकलाना गांव में दिलावर खान के 20 हजार स्क्वायर फीट में फैले मकान में दबिश दी थी। यहां पर बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग बनाने का रॉ मटेरियल, केमिकल व उपकरण करीब 3 करोड़ लागत के बरामद किए थे। इसके अलावा 10 किलो 930 ग्राम एमडी जब्त की थी। जिसकी लागत करीब 10 करोड़ से अधिक है। घर के अंदर खड़ी स्कार्पियों व XUV 700 में से भी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग पकड़ी थी। जिसकी लागत 10 करोड़ से अधिक है। पुलिस ने दिलावर खान समेत उसकी दो पत्नियां, बेटे, बहू, बेटी व दामाद के अलावा 16 लोगों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने दिलावर की भांजी इंशा को भी ड्रग बनाने में सहयोगी मानते हुए गिरफ्तार किया। क्या कहते है अधिकारी एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया आरोपियों को जब गिरफ्तार किया तो लोगों ने बताया था कि इनके द्वारा प्रताड़ित किया जाता है मकानों की रजिस्ट्रियां अपने पास रख लेते थे। हमने कैंप लगाए है जिसमें जो शिकायत आई उसके आधार पर दिलावर खान के खिलाफ केस दर्ज किए है। हमारी जांच जारी है। जैसे भी लोग आते है तो कार्रवाई की जाएगी। एमडी के मामले एक आरोपी को ओर गिरफ्तार किया है। उससे हम तथ्य जुटा रहे है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि हमारी मुख्य एमडी के साथ ही अलग-अलग बिंदुओं पर जांच जारी है। जिसकी भी संलिप्तता पाई जाएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह खबर भी पढ़ें…
दिलावर के घर सस्पेंड SI…बेटे के नाम आर्मी I-Card मिला
रतलाम जिले के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जिस कमरे में अवैध रूप से एमडी ड्रग तैयार की जा रही थी, वहां से दो साल पहले सस्पेंड किए गए सब-इंस्पेक्टर रऊफ खान के नाम का पुलिस आईडी कार्ड मिला है। पूरी खबर पढ़ें


