रतलाम में गुरुवार सुबह मौसम तो खुलने के बाद भी कोल्ड डे का असर रहा। शीतलहर के कारण लोग ठंड से बचने के जतन करते नजर आए। पिछले 48 घंटे में शहर का न्यूनतम तापमान में 6.7 डिग्री लुढ़क गया है। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। बता दें कि, जनवरी माह की शुरुआत से कड़ाके की ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से दिन और रात में कपकपाने वाली ठंड पड़ रही है। रात में लोग अलाव लगाकर ठंड से बचाव कर रहे है। बर्फीली हवाओं के कारण रतलाम के तापमान में लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है। अधिकतम तापमान बढ़ा, न्यूनतम में आई गिरावट पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री बढ़ा है। वहीं न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान है। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघल रही है। जिससे हवा की रफ्तार तेज हो गई है। जनवरी माह में मौसम ठंडा ही रहेगा। 20 से 22 दिन तक शीतलहर चलने का अनुमान है। ठंड का यह दूसरा दौर शुरू हो चुका है। ठंड के असर के चलते आम जन जीवन भी प्रभावित है। दिन में भी सर्द हवाओं के चलने की वजह से ठिठुरन बढ़ रही है। खेतों के लिए फायदेमंद खेतों की फसलों को लेकर यह मौसम फायदेमंद है। दंतोड़िया गांव के किसान सुरेश पाटीदार ने बताया कि अभी हवा चल रही है। इससे फसलों को नुकसान नहीं है। हवा का दौर रुकने पर खेतों में बर्फ जमेगी। अभी का मौसम फसलों के लिए अच्छा है। पिछले पांच दिन के तापमान पर एक नजर (आंकड़े डिग्री सेल्सियस में)


