रतलाम जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रिंगनोद थाना क्षेत्र की ढोढर पुलिस चौकी द्वारा दो तस्करों को 160 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर महू–नीमच फोरलेन रोड पर की गई। जब्त एमडी ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई जा रही है। मुखबिर की सूचना पर पहली घेराबंदी जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एमडी ड्रग्स लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर ढोढर पुलिस चौकी की टीम ने महू–नीमच फोरलेन रोड पर एमपीईबी ग्रिड के सामने घेराबंदी की। इमरान खान को किया गिरफ्तार घेराबंदी के दौरान पुलिस ने इमरान खान (39) पिता गबु खान निवासी गाजीपुरा, थाना धामनोद, जिला धार को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 60 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में इमरान खान ने बताया कि वह यह एमडी ड्रग्स सलमान खान निवासी सोनगरी, थाना दलोदा, जिला मंदसौर से लाया था। उसने यह भी बताया कि सलमान अपने पास और भी एमडी ड्रग्स रखता है। दूसरी टीम बनाकर सलमान खान को पकड़ा जानकारी के आधार पर थाना रिंगनोद से एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई। आरोपी इमरान की निशानदेही पर पुलिस ने ढोढर रोड मोयाखेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर सलमान खान (32) पिता मोहम्मद शफी खान मेवाती को पकड़ लिया। सलमान से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद पुलिस ने आरोपी सलमान खान की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 160 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त की गई एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपए आंकी गई है। दोनों आरोपी कोर्ट में पेश, पीआर पर रिहा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पीआर पर रिहा कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से एमडी ड्रग्स के स्रोत, नेटवर्क और सप्लाई चेन को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।


