अनूपपुर जिले में पिछले 45 दिनों से हाथियों का एक समूह किसानों और ग्रामीणों को परेशान कर रहा है। यह समूह दो अलग-अलग हिस्सों में बंट गया है। हाथियों के झुंड ने खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया है और भोजन की तलाश में घरों को भी क्षतिग्रस्त किया है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक हानि हो रही है। गुरुवार शाम को एक दांत वाला नर हाथी वन परिक्षेत्र अनूपपुर के सोनमौहरी बीट के जंगल से निकलकर सेंदुरी-सोनमौहरी मुख्य मार्ग से होता हुआ रात में फिर सेंदुरी गांव में पहुंच गया। एकल दंत हाथी बार-बार क्षेत्र में घुसकर क्षति कर रहा ग्रामीणों ने हाथी को गांव से बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर वन विभाग का गश्ती दल मौके पर मौजूद है। वन विभाग के अनुसार, यह एकल दंत हाथी पहले भी कई बार अनूपपुर क्षेत्र में लंबे समय तक विचरण कर चुका है। इसे भगाने पर यह अपने अनुरूप स्थल और छिपने का तरीका अपनाता है। हाल ही में, यह ग्रामीणों द्वारा फेंके गए जलते पटाखों को भी पैरों से दबाकर नष्ट कर देता है। बुधवार-गुरुवार की रात ग्राम पंचायत सेंदुरी में संजय चर्मकार के घर की ईंट की दीवार तोड़कर हाथी ने आंगन में रखे दो बोरी धान खा लिया।
खेतों में लगी फसलों को भारी पैर से रौंदा इसके अलावा, रामलखन राठौर और दिनेश राठौर के खेतों में लगी गेहूं की फसल को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया। वहीं, समूह से अलग हुए अन्य दो हाथी धनगवां बीट के जंगल के अंदर विचरण कर रहे हैं और अभी तक जंगल से बाहर नहीं निकले हैं। वन विभाग का अमला लगातार गश्ती दलों के माध्यम से हाथियों और ग्रामीणों दोनों पर निगरानी रख रहा है। विभाग ग्रामीणों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।


