भास्कर न्यूज | बेनूर ग्राम पंचायत से मैनपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर खेतों के पास स्थित रपटा पुलिया के किनारे बना गहरा गड्ढा आखिरकार भर दिया गया है। यह पुलिया मैनपुर से करीब एक किलोमीटर पहले स्थित है और इसी मार्ग से आसपास के कई गांवों के ग्रामीण रोजाना दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवागमन करते हैं। गड्ढा लगातार गहराता जा रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों ने खतरे को देखते हुए अस्थायी रूप से गड्ढे के पास लकड़ी का खंभा लगाकर उसे चिन्हित कर दिया था, ताकि राहगीरों को सतर्क किया जा सके। बावजूद इसके, रात के समय या तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह स्थान जोखिमभरा बना हुआ था। गड्ढे के कारण रपटा पुलिया के और अधिक क्षतिग्रस्त होने की भी आशंका जताई जा रही थी। इस समस्या को लेकर 11 फरवरी को खबर प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद पंचायत कर्मियों ने मामले को गंभीरता से लिया। तत्पश्चात पुलिया के समीप बने गड्ढे में अंदर से लेकर ऊपरी सतह तक मिट्टी डालकर उसे समतल कर दिया गया है। फिलहाल मार्ग पर आवागमन शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने समय रहते पहल करने पर पंचायत का आभार माना है।


