बेनूर| ग्राम पंचायत बेनूर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मैदान में लगे बिजली के खंभे से जुड़ी तार काफी नीचे तक झुक गई है और हवा चलने पर खतरनाक तरीके से झूलती नजर आती है। स्कूल की छुट्टी होते ही इसी मैदान में छोटे-बड़े बच्चे खेलने पहुंच जाते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा चलने पर तार और अधिक नीचे लटक जाती है। यदि किसी दिन तार टूटकर नीचे गिर गई तो बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है। मैदान में रोजाना दर्जनों बच्चे खेलकूद गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं, ऐसे में यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में भी खबरें प्रकाशित की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो बेनूर में पदस्थ विद्युतकर्मियों ने और न ही जिला स्तर के अधिकारियों ने कोई ठोस पहल की है। पालकों और शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से इस खतरे को लेकर चिंतित हैं, लेकिन बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद समाधान नहीं किया जा रहा है।


