रमेश अग्रवाल की जन्मदिवस पर भास्कर ने लगाया रक्तदान शिविर:प्रेरणा दिवस पर 52 यूनिट रक्त एकत्र, एएसआई बृजेश सिंह सबसे पहले पहुंचे

दैनिक भास्कर समूह के फाउंडर रमेश अग्रवाल के 81वें जन्मदिन पर चित्तौड़गढ़ जिला हॉस्पिटल में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शाम तक 52 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह आयोजन उनके प्रेरणा दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से किया गया था। रक्तदान शिविर का उद्घाटन एडीएम रामचंद्र खटीक ने किया। उन्होंने शिविर की शुरुआत केवल उदघाटन से नहीं, बल्कि खुद ने रक्तदान कर एक उदाहरण पेश करते हुए की। इस अवसर पर लोगों को प्रेरित करने के लिए चित्तौड़गढ़ के निवर्तमान पार्षद अनिल ईनाणी, विप्र महासेना के युवा प्रदेशाध्यक्ष और युवा उद्यमी जेसी मेनारिया, तथा युवा नेता रवि विराणी भी मौजूद रहे। एएसआई बृजेश सिंह सबसे पहले पहुंचे रक्तदान करने शिविर में सबसे पहले रक्तदान करने पहुंचे सेंती निवासी और निम्बाहेड़ा डीएसपी कार्यालय में कार्यरत एएसआई बृजेश सिंह। 54 साल के बृजेश सिंह छह साल बाद फिर रक्तदान करने आए। वह सुबह सवा नौ बजे ही ब्लड बैंक पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से दैनिक भास्कर के पाठक हैं। उन्होंने कहा कि प्रेरणा दिवस पर रक्तदान करना उन्हें अच्छा लगा क्योंकि यह पाठक होने का एक जिम्मेदार फर्ज भी है। उन्होंने बताया कि वह टीम जीवनदाता के कार्यों से भी काफी प्रेरित हैं। पत्नी की प्रेरणा पर पहुंचा कमल सेन कलेक्ट्रेट चौराहा पर सेलून का काम करने वाले कमल सेन ने भी अपने मित्र के साथ पहुंचकर छठी बार रक्तदान किया। पावटा गेट निवासी कमल सेन ने बताया कि वह इससे पहले करवा चौथ के दिन भी रक्तदान कर चुके हैं। इस बार भी उनकी पत्नी अनुराधा ने उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनका मानना है कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता और यह किसी की जिंदगी बचाने का सबसे सरल तरीका है। प्रिंसीपल तोलंबिया की 21वीं बार रक्तदान की मिसाल बस्सी निवासी और गणेशपुरा महात्मा गांधी स्कूल के प्रिंसीपल राजकुमार तोलंबिया भी इस अवसर पर अपने मित्र केलझर स्कूल के प्रिंसीपल दिनेश अग्रवाल के साथ पहुंचे। उन्होंने 21वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा की एक और मिसाल प्रस्तुत की। तोलंबिया ने कहा कि रक्त का कोई मूल्य नहीं होता, लेकिन इसका महत्व बहुत बड़ा है क्योंकि यह किसी की जिंदगी बचाने में काम आता है। उन्होंने बताया कि दैनिक भास्कर के रक्तदान शिविरों में वे अब तक पांच बार भाग ले चुके हैं। 36वीं बार रक्तदान करने पहुंचे प्रणव शर्मा चंदेरिया निवासी जीएनएम कर्मचारी प्रणव शर्मा ने दोपहर में पहुंचकर 36वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से भास्कर के कैंपों में रक्तदान करते आ रहे हैं। रक्तदान के साथ-साथ वे इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंसानियत के लिए दिया गया रक्तदान हमेशा किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में मदद करता है। शिविर में कांग्रेस के जिला महासचिव अरुण कंडारा, युकां प्रदेश सचिव आशाराम गाडरी, अल्पसंख्यक कांग्रेस के मोहम्मद आरिफ कूका, मदन रैगर, रामलाल गुर्जर और कालू गुर्जर भी पहुंचे। आरिफ कूका ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए सेवा और मानवता का संदेश दिया। आयोजन में लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण रहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और लोग मानव सेवा के इस कार्य में आगे बढ़कर भाग ले रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *