रवीन्द्र मंच के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में और हरित जयंती के अवसर पर कला, संस्कृति और पुरातत्व विभाग, राजस्थान और रवीन्द्र मंच जयपुर की ओर से टैगोर थिएटर योजना के अंतर्गत एक शानदार नाटक “बहानेबाज” का मंचन किया जाएगा। नाटक “बहानेबाज” के लेखक शैलेंद्र हैं, जबकि इसका निर्देशन असलम कुरैशी की ओर से किया गया। नाटक का कथासार आम जिंदगी से जुड़े किस्सों को हास्य के रूप में प्रस्तुत करता है। इसमें चमन लाल और उसकी पत्नी के जीवन की एक दिलचस्प कहानी दिखाई गई है, जहां चमन लाल को अपने बॉस के घर खाने पर जाना था, लेकिन साधन की कमी के कारण उसकी पत्नी उसे उसके मित्र रमेश के पास स्कूटर मांगने भेजती है। यहीं से हास्य उत्पन्न होता है, क्योंकि रमेश चमन लाल के हर सवाल का मजेदार बहाना बनाता है, जैसे गाड़ी पंचर है, ब्रेक वायर टूटा हुआ है, या पिस्टन टूट गया है। नाटक में कलाकारों के रूप में जितेंद्र लाटा, प्रीत कैलाश सोनी, कंचन वर्मा, हसीब खान, असलम कुरैशी और अलशान कुरैशी अभिनय करेंगे। नाटक की मंच व्यवस्था फरहान खुर्शीद द्वारा की जाएगी, जबकि प्रकाश व्यवस्था शाहरुख खान अब्बासी और रूप सजावट नरेंद्र सिंह बबल की ओर से की जाएगी। यह नाटक दर्शकों को न केवल हास्य का अनुभव कराएगा बल्कि जीवन के साधारण पहलुओं को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करेगा। “बहानेबाज” एक शानदार सांस्कृतिक आयोजन होगा।


