छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के गोमाना गांव में निर्माणाधीन मकान की छत से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग को लेकर छोटीसादड़ी थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, गोमाना गांव में एक निर्माणाधीन मकान में काम करते समय मजदूर शांतिलाल (27) पुत्र देवी लाल मीणा निवासी बावड़ी खेड़ा मोगजी कुडी थाना धमोतर की मौत हो गई। घायल मजदूर को तुरंत छोटीसादड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। उदयपुर में उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई। मृतक के परिजन और ग्रामीण मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता नहीं दी जाती, तब तक वे शव को लेने से इनकार कर रहे है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा लिया है और परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष के बीच सहमति नहीं बन पाई है। सीआई तेजकरण चारण में बताया कि गोमाना गांव में एक व्यक्ति के मकान की छत से गिरने से मौत हो गई थी, पुलिस परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर रही है। परिजनों से समझाइश चल रही है। जल्द ही मामले को सुलझाया जाएगा। शव को नगर के जयचंद मोहिल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।


