वीकेंड के मौके पर अपनी पसंदीदा डॉग ब्रीड्स को चैंपियन बनते देखने के लिए दशहरा ग्राउंड में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। मौका था, 27वें ‘जयपुर डॉग शो 2026’ का, जहां देशभर से आए 500 से अधिक डॉग्स ने अपने ओनर्स के साथ शिरकत की और चैंपियन बनने के लिए दमखम दिखाया। जयपुर डॉग शो के 27वें सीजन में प्रतियोगिताओं के साथ-साथ कई मनोरंजक और रोचक गतिविधियां भी देखने को मिलीं। अलग-अलग राज्यों से आए डॉग्स ने अपनी चाल, जंप, हाइट और शारीरिक संरचना के आधार पर जजों से अंक हासिल किए। यहां पर विदेशी डॉग के साथ रशियन मॉडल भी नजर आई, जिन्होंने शो में डॉग को कॉम्पीटिशन के लिए उतारा। जयपुर डॉग शो के आयोजक जगदीश चंद्रा ने बताया कि यह प्रतियोगिता कैनल क्लब ऑफ इंडिया की चैंपियनशिप के तहत आयोजित की गई। इसमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, पंजाब, गुजरात सहित कई राज्यों से डॉग्स ने भाग लिया। कैनल क्लब ऑफ राजस्थान के सचिव वीरेन शर्मा ने बताया कि शो में साइबेरियन हस्की, अफगान हाउंड, फ्रेंच बुलडॉग, अलास्कन मैलम्यूट, शित्जू सहित कई दुर्लभ और लोकप्रिय ब्रीड्स शामिल हुईं। शो के दौरान डॉग्स और उनके ओनर्स से जुड़ी कई दिलचस्प कहानियां भी सामने आईं। इस बार शो की जजिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर की रही। ताइवान से आए जज टोनी वू और हसिन–हसिउंग वू ने डॉग्स का मूल्यांकन किया। वहीं मशहूर डॉग मिमिक्रिस्ट दीपक तिल्ली ने डॉग्स की हूबहू आवाज निकालकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। सर्दी में भी डॉग्स के लिए कूलर कार्यक्रम के दौरान मौसम ठंडा था, लेकिन कुछ विदेशी ब्रीड्स के डॉग्स के लिए कूलर की व्यवस्था की गई। साइबेरियन हस्की, सामोयड और अलास्कन मैलम्यूट जैसी ब्रीड्स माइनस डिग्री तापमान की अभ्यस्त होती हैं, ऐसे में उनके आराम का विशेष ध्यान रखा गया। डॉग्स की देखभाल और उनके “नखरों” को लेकर दर्शकों ने ओनर्स से जमकर सवाल-जवाब किए। विदेशी ब्रीड्स के बीच इंडी पपीज को मिला घर जहां एक ओर विदेशी ब्रीड्स जीत के लिए मुकाबला कर रही थीं, वहीं जयपुर डॉग शो में मानवीय पहल भी देखने को मिली। यहां लगाए गए अडॉप्शन कैंप में 90 से अधिक इंडी पपीज को जयपुराइट्स ने गोद लिया। एनिमल हॉस्पिटल डीसीसी की ओर से गोद लिए गए सभी डॉग्स को मुफ्त वैक्सीनेशन और आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।


