जिला रसद अधिकारी, नागौर ने आज घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और व्यावसायिक दुरुपयोग करने के संबंध में डीडवाना रोड पर बड़ी कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना के बाद, जिला रसद अधिकारी अंकित पचार मय टीम और कोतवाली पुलिस विजय वल्लभ चौराहा के पास डीडवाना रोड पर स्थित दुकान पर पहुंचे । मौके पर वाहन संख्या RJ 37 CB 3105 खड़ी थी जिसमें पाइप लगा हुआ था और इसी पाइप के माध्यम से गाड़ी में गैस भरी जा रही थी।
दिनेश सैनी की उपस्थिति में दुकान और पास के पुराने प्याऊ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कुल 55 गैस सिलेंडर पाए गए, जिनमें 46 घरेलू गैस सिलेंडर और 9 कोमर्सिअल गैस सिलेंडर शामिल थे। दिनेश सैनी से पूछताछ करने पर, इन गैस सिलेंडरों के भंडारण के लिए किसी भी प्रकार का अनुज्ञापत्र / लाइसेंस नहीं पाया गया।
मौके पर 55 गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रिक कांटा मय 3 फीट तार, 1 एचपी का रेग्यूलेटर मय 4 फीट गैस पाइप, गैस भरने का 1 यंत्र, 1 गैस भरने की मशीन, और वाहन संख्या RJ 37 CB 3105 मारुति सुजुकी इको कंपनी को जब्त किया गया। इस संबंध में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 व एलपीजी आदेश 2000 की धाराओं में कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्रवाई में अंकित पचार (जिला रसद अधिकारी), देवाराम सारण (प्रवर्तन अधिकारी), बजरंग (प्रवर्तन निरीक्षक) और कोतवाल पुलिस नागौर की टीम रही।


