ससुराल वालों को जहरीला पदार्थ खिलाकर जेवर लेकर भागी दुल्हन:20 दिन पहले शादी, 20 दिन घर में रही; वाराणसी से ढाई लाख में लाया था परिवार

मंदसौर जिले के नांदवेल में 20 दिन पहले बनारस से लाई दुल्हन जेवर और रुपए लेकर भाग गई। आरोप है कि उसने पति, सास-ससुर समेत 9 लोगों को खाने में जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर मौका देखकर चली गई। जहरीला पदार्थ खाने की वजह से दूल्हे के परिवार के भाई-भाभी, भतीजा-भतीजी, माता-पिता समेत 9 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। यहां उनका उपचार चल रहा है। 20 नवंबर को नांदवेल निवासी परिवार में बेटे की शादी बनारस की महिला से हुई थी। शादी धूमधाम से हुई। अगले 20 दिनों तक दुल्हन ज्योति ने अपने मीठे और मिलनसार व्यवहार से पूरे परिवार का भरोसा जीत लिया। इसके बाद वह परिवार को जहरीला पदार्थ पिलाकर रुपए और जेवर लेकर चलती बनी। परिवार का आरोप है कि शादी उन्होंने दलाल के माध्यम से कराई थी। उनका ढाई लाख रुपए का खर्च भी आया था। 10 दिसंबर की सुबह- वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि घटना वाले दिन सुबह दुल्हन ज्योति ने परिवार के सभी नौ सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। जैसे ही परिवार के लोग बेहोश हुए, ज्योति ने घर में रखे बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के जेवर, और अन्य कीमती सामान समेटा और मौके से फरार हो गई। बेहोशी की हालत में परिजनों को पहले भावगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया। घायल परिजन पुलिस ने शुरू की जांच
भावगढ़ थाना प्रभारी वर सिंह कटारा ने बताया कि दुल्हन ज्योति और उसे मध्यस्थता से लाने वाले दलाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर पुलिस टीम आरोपी दुल्हन की तलाश में जुट गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *