बिलासपुर | शासकीय उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान (आईएएसई) के खेल मैदान में वार्षिक खेल महोत्सव रस्साकशी व क्रिकेट का फाइनल हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. मीता मुखर्जी के आतिथ्य में हुआ। रस्साकशी के फाइनल मुकाबले में सुंदरम निकेतन और शिवम निकेतन की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें सुंदरम निकेतन ने शिवम निकेतन को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। सुंदरम निकेतन की ओर से कप्तान सुरेश कुजूर सहित दीपक केरकेट्टा, गौरीशंकर राठिया, सुरेश जाटवर, शिवनंदन साहू, महेन्द्र प्रसाद, अमल साय और साथियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। व्यायाम निदेशक आसिफ अली ने बताया कि क्रिकेट का फाइनल मुकाबला सत्यम निकेतन और मधुरम निकेतन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सत्यम निकेतन ने 10 ओवर में 103 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान ओमकार कुर्रे ने मात्र 23 गेंदों में 55 रन की तूफानी पारी खेली। अमर मलिक ने 33 रनों का अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मधुरम निकेतन की टीम 10 ओवर में 7 विकेट पर 97 रन ही बना सकी। सत्यम निकेतन ने यह मुकाबला 6 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया। सत्यम की जीत में आकाश कुमार ने निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने घातक गेंदबाजी कर 2 ओवर में मात्र 4 रन देकर हैट्रिक विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने। अमर मलिक को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इस दौरान खेल समन्वयक करीम खान, महेश शर्मा, सुभाष त्रिपाठी, राकेश बाटवे, अमृता मिश्रा, स्वर्णिम शुक्ला आदि मौजूद रहे।


