रस्सी से मुंह बांध गंडासे से हमला, रीढ़ की हड्डी टूटी; अस्पताल में बैल की मौत

भास्कर न्यूज़ | लुधियाना डेहलों में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव आसी कलां में एक पिता–पुत्र ने आवारा बैल के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि दोनों ने बैल का मुंह रस्सी से बांधकर उस पर लोहे के गंडासे से कई वार किए, जिससे बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान वेटनरी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस मामले की शिकायत गांव आसी कलां निवासी गज्जन सिंह ने पुलिस को दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव के ही रहने वाले धर्मिंदर सिंह और उसके पिता हरनेक सिंह अक्सर गांव में दबदबा बनाने के लिए लोगों को परेशान करते रहते हैं। आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे दोनों ने गांव में घूम रहे एक आवारा बैल को पकड़ लिया। इसके बाद बैल का मुंह रस्सी से बांधकर उस पर गंडासे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बैल बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपियों ने उस पर हमला जारी रखा। आरोप है कि गंडासे के वार से बैल की रीढ़ की हड्डी टूट गई। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने आरोपियों को बताया कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इस बात से घबराकर दोनों आरोपी बैल को खुद ही लुधियाना की वेटनरी यूनिवर्सिटी लेकर पहुंचे और इसे हादसा बताने की कोशिश की। वेटनरी अस्पताल में बैल की हालत गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस संबंध में थाना डेहलों के एएसआई धर्म सिंह ने बताया कि गज्जन सिंह की शिकायत के आधार पर गांव आसी कलां निवासी धर्मिंदर सिंह और उसके पिता हरनेक सिंह के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके पिता की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *