रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन बंद करने से यात्रियों में नाराजगी

रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन को रेलवे ने दिसंबर में बंद कर दिया। झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के सह सचिव ऋतिक राज ने लोहरदगा रेलवे लाइन पर स्थित पुल संख्या-115 में आई खराबी को ट्रेन के परिचालन बंद करने का मुख्य कारण बताया है। इस ट्रेन के बंद किए जाने से लोगों में भारी नाराजगी है। रांची व आसपास के लोगों को अजमेर जाने के लिए इस ट्रेन का बड़ा महत्व था। झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने इस पर सवाल उठाया है। पूछा है कि जब अन्य ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग मेसरा-बरकाकाना के रास्ते किया जा रहा है, तो रांची-अजमेर स्पेशल एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्ग से क्यों नहीं चलाया गया। ट्रेन को नियमित करने की मांग को लेकर कई बार जेडआरयूसीसी और डीआरयूसीएस के सदस्यों के साथ रेलवे यूजर्स एसोसिएशन ने दक्षिण-पूर्व रेलवे और डीआरएम रांची से आग्रह भी किया, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने कहा कि लोहरदगा लाइन के डिस्टर्ब रहने तक यह ट्रेन अब नहीं चलेगी। लेकिन यह ट्रेन नॉर्दर्न-वेस्टर्न रेलवे की है, रांची रेल मंडल की नहीं। आगे इसे चलाने पर नॉर्दर्न-वेस्टर्न रेलवे ही विचार कर सकता है। ट्रेन को लेकर यात्रियों को है रेलवे के फैसले का इंतजार यूजर्स एसोसिएशन का कहना है कि इस ट्रेन के पुनः संचालन को लेकर रांची मंडल से अनुमति मिल चुकी है, लेकिन अन्य जोनों से क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण अब तक परिचालन शुरू नहीं हो सका है। रांची और झारखंड के यात्रियों को अब रेलवे के फैसले का इंतजार है। इधर, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस पर विचार हो सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *