रांची एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला; 56 यात्री बचे:जमीन से टकराया इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा, हार्ड लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार की रात इंडिगो एयरलाइंस के विमान की हार्ड लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भुवनेश्वर से रांची आ रहे इंडिगो के विमान संख्या 6ई-7361 का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। जिससे विमान को नुकसान पहुंचा। विमान में कुल 56 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। हालांकि कई यात्रियों को हल्की चोटें आने की बात सामने आई है। हादसे के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। रनवे पर रगड़ाया विमान का पिछला हिस्सा जानकारी के अनुसार विमान ने अपने निर्धारित समय पर शाम 7:55 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी और रात 8:30 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे विमान की हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी। इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से रगड़ खा गया। इससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक तेज झटके से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थिति को संभालते हुए पायलट ने विमान को नियंत्रित किया। जिसके बाद एप्रन पर सुरक्षित तरीके से रोक दिया। यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया, इंजीनियरों ने की जांच विमान रुकने के बाद एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों ने बताया कि लैंडिंग के वक्त जोरदार झटका लगा, जिससे डर का माहौल बन गया। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें भी आईं। इसके बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई। इंजीनियरों ने शुरुआती जांच में विमान को उड़ान के लिए अयोग्य बताया। रांची एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को ग्राउंडेड घोषित कर दिया। भुवनेश्वर जाने वाली उड़ान रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा हादसे के बाद रांची से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की अगली उड़ान प्रभावित हुई। यात्रियों का कहना था कि उन्हें देर रात तक एयरपोर्ट पर इंतजार कराया गया। स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। विमान को पहले रात 9:40 बजे ग्राउंडेड घोषित किया गया था। बाद में एयरलाइंस की ओर से बताया गया कि छह से सात घंटे बाद वैकल्पिक विमान से यात्रा कराई जा सकती है, लेकिन दूसरे विमान की व्यवस्था नहीं हो सकी। इसके बाद यात्रियों के लिए होटल और भोजन की व्यवस्था इंडिगो एयरलाइंस की ओर से की गई। रांची से भुवनेश्वर जाने वाले 77 यात्रियों को रात में ही ठहराया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *