नेहरू युवा केंद्र संगठन व खेल मंत्रालय के तत्वावधान में पूर्व विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का समापन शुक्रवार को हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राज्य युवा आयोग के सदस्य विशाल तिर्की उपस्थित रहे। दूसरे दिन पलामू, हजारीबाग, रांची, खूंटी, बोकारो व सरायकेला जिलों के शेष 49 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। 5 सदस्यीय निर्णायक मंडल ने उनका मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में धनबाद के जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, बोकारो के गौरव कुमार, सिमडेगा के रोशन कुमार और लातेहार की कंचन कुमारी सहित विभिन्न जिलों के जिला युवा अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही झारखंड नेहरू युवा केंद्र संगठन झारखंड राज्य की राज्य निदेशक ललिता कुमारी राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ. कमल किशोर तथा शिक्षाविद कमल बोस कार्यक्रम में मौजूद थे। प्रमाण पत्र, मेडल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रांची की आयशा फातिमा, दूसरे स्थान पर गिरिडीह की श्वेता कुमारी और तीसरे स्थान पर धनबाद की रिया गुप्ता रहीं। निदेशक ललिता कुमारी ने बताया कि तीनों विजेताओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के ‘विकसित भारत युवा संसद’ के लिए किया गया है, जो 1 व 2 अप्रैल को संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।


