धुर्वा के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के लिए टिकटों की ऑफलाइन बिक्री आज से शुरू हो गई। टिकट के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी रात के 2 बजे से ही लाइन में लग गए थे। सुबह के 9 बजे काउंटर खुलने से पहले एक किमी से अधिक लंबी लाइन हो चुकी थी। काउंटर खुलते ही लोगों के चेहरे पर खुशियां देखने को मिली। टिकट बिक्री के लिए स्टेडियम के वेस्ट गेट के पास 6 काउंटर लगाए गए हैं। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक काउंटर से टिकट लिए जा सकते हैं। टिकट खरीदने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट खरीद सकेगा। जेएससीए ने महिला दर्शकों के लिए एक अलग काउंटर की व्यवस्था की है। वहीं, दो काउंटर ऑनलाइन टिकट बुक कराने वालों को टिकट उपलब्ध कराएंगे। शेष तीन काउंटर आम दर्शकों के लिए रखे गए हैं। टिकट की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि टिकट बिक्री की सभी तैयारियां पहले की पूरी कर ली गई थी। वहीं टिकट खरीदने के दौरान भगदड़ या किसी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि टिकट की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। यदि कोई व्यक्ति टिकट की ब्लैक मार्केटिंग करते पकड़ा जाता है, तो उसके पास से जब्त सभी टिकट रद्द कर दिए जाएंगे। पर्याप्त संख्या में टिकट उपलब्ध हैं। दर्शक लाइन में लगकर आराम से टिकट प्राप्त कर सकेंगे। आज पहुंचेंगे भारत के 5 खिलाड़ी, अन्य 27 को भारत के पांच खिलाड़ी हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और ऋतुराज गायकवाड़ मंगलवार को रांची पहुंचेंगे। सभी खिलाड़ी रांची एयरपोर्ट से सीधे रेडिसन ब्लू होटल जाएंगे। दोनों टीमें 27 नवंबर को रांची पहुंचेंगी, जबकि 28 और 29 नवंबर को जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित होगा। कैटेगरी के अनुसार तय है टिकट कीमत सबसे सस्ते टिकट की कीमत 1200 रुपए (ईस्ट और वेस्ट हिल) है, वहीं विंग ए (लोअर टीयर) और विंग सी (लोअर टीयर) के लिए 1600 रुपए और अपर टीयर के लिए 1300 रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। विंग बी (लोअर टीयर) और विंग डी (लोअर टीयर) का टिकट क्रमश: 2200 रुपए और 2000 रुपए का है। इसके अलावा, स्पाइस बॉक्स का टिकट 1900 रुपए का है। हाई-एंड सीटों में, हॉस्पिटैलिटी सुविधा के साथ अमिताभ चौधरी पवेलियन (प्रीमियम टेरेस) का टिकट 2400 रुपए है, जबकि कॉर्पोरेट लाउंज के लिए 10,000 रुपए और सबसे महंगा प्रेसिडेंट एनक्लोजर का टिकट 12,000 रुपए का है। एमएस धोनी पवेलियन में डोनर्स एनक्लोजर की सीट 1600 रुपए में, जबकि लग्जरी पार्लर (हॉस्पिटैलिटी) का टिकट 7500 रुपए में उपलब्ध है।


