रांची ने लोहरदगा व जमशेदपुर ने वेस्ट सिंहभूम को किया पराजित

भास्कर न्यूज|गुमला जे एस सी ए इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर -23 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमी फाइनल में रांची ने लोहरदगा व जमशेदपुर ने वेस्ट सिंहभूम को पराजित किया। सात मार्च को बोकारो में रांची व जमशेदपुर के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इधर बुधवार को जिला मुख्यालय के शहीद तेलंगा खड़िया स्टेडियम में खेले गये सेमीफाइनल में रांची ने लोहरदगा को आठ विकेट से पराजित किया। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लोहरदगा की पूरी टीम महज 64 रन पर ढेर हो गई। लोहरदगा की ओर से अनिकेत गुप्ता 18, रोनित आर्यन 10 व आदित्य झा ने 10 रन का योगदान किया। रांची की ओर से शिवम कृष्णा ने 8 ओवर 12 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। अमित को दो और राजनदीप व आर्यन राज को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची की टीम ने दो विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज कर ली। टीम की ओर से नकुल ने 33रनो की नाबाद पारी खेली। सनी सचिन ने 16 रन का योगदान किया। लोहरदगा के आदित्य व सुमित उरांव को एक-एक विकेट मिला। बेहतरीन गेंदबाजी के बदौलत शिवम मैन ऑफ द मैच बने। टीआरडीओ अनवर मुस्तफा, सेलेक्टर सुब्रतो घोष, अंपायर ओपी राय व कांजीलाल ने प्लेयर ऑफ द डे को पांच हजार कैश व ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। मौके पर मेजबान जिला के सचिव जीतेन्द्र सिंह, मनोज चौधरी, लाल चंद्रशेखर, विमल कुमार, आकाश आनंद, आयुष अग्रवाल, ओम शंकर सिंह, ज्ञान प्रकाश, अंकित विश्वकर्मा, शशि प्रकाश, सनी साहू, विनीत नाग सहित अन्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *