रांची में कोरोना संक्रमण के अभी तक तीन मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, जमशेदपुर में भी कोरोना की एंट्री हो गई है। कदमा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 46 वर्षीय एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। महिला का ब्लड सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा है। इधर, रांची में महाराष्ट्र से आए एक संक्रमित मरीज की रिपोर्ट गुरुवार को निगेटिव आ गई है। फिल्म निर्माता निर्देशक लाल विजय शाहदेव को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। जबकि, एक मरीज घर में क्वारेंटाइन हैं और दूसरा अस्पताल में इलाजरत है। हल्के लक्षण वाले मरीजों को घर पर ही आइसोलेट रहने का निर्देश कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने आम लोगों से संक्रमण से बचने की अपील की है। डीसी ने भीड़-भाड़ वाली जगह पर मास्क पहनने की सलाह दी है। उन्होंने आईसीएमआर कोविड नेशनल टास्क फोर्स के दिशा-निर्देश के तहत हल्के लक्षण वाले मरीजों को घर पर ही आइसोलेट रहने का निर्देश दिया है। वहीं, नाक बहने, गले में खराश, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर मास्क पहनने का निर्देश दिया है। ताकि संक्रमण का विस्तार न हो। यदि आपको फ्लू का कोई लक्षण है, सांस लेने में तकलीफ हो और ऑक्सीजन लेवल 93 प्रतिशत से नीचे आ जाए, तेज बुखार और पांच दिनों से अधिक समय तक खांसी हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने के लिए कहा गया है, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके। मरीजों को संक्रमण का स्पष्ट संकेत न हो तब तक एंटीबायोटिक्स का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। डीसी ने सदर अस्पताल व रिम्स प्रबंधन को कोरोना जांच की तैयारी करने का निर्देश दिया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र और वैक्सीन नहीं लेने वाले रहें सतर्क
प्रशासन ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग या हृदय रोग, मधुमेह, कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली, तपेदिक, फेफड़े, लीवर व किडनी की बीमारी से पीड़ित लोग या कोविड का टीका नहीं लगाने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। जमशेदपुर में संदिग्ध कोरोना महिला मरीज अपने घर में क्वारेंटाइन
जमशेदपुर में भी कोरोना की एंट्री हो गई है। कदमा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 46 वर्षीय एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। 28 मई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला अपने घर में क्वारेंटाइन है। महिला की पहचान गुप्त रखी गई है। आधार कार्ड में महिला के पते में सरायकेला जिला अंकित है। 46 वर्षीय यह महिला 27 मई की रात जॉन्डिस और बुखार की शिकायत लेकर निजी अस्पताल पहुंची थी। चूंकि महिला दिल्ली से सफर करके आई थी। इसलिए डॉक्टरों ने महिला की फ्लोरिस्ट एमिनो एसे (कार्ड से होने वाली कोरोना जांच) से जांच की। जांच में महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद महिला को 28 मई को छुट्टी दे दी गई और एमजीएम अस्पताल जाने की सलाह दी गई।महिला के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना के बाद सिविल सर्जन ने महिला के संपर्क में आए लोगों की जांच करने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने महिला के घर पहुंचकर ब्लड सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा है।


