भास्कर एक्सप्लेनर रांची के जेएससीए स्टेडियम में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच होगा। मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। दर्शकों को सुबह 11:30 बजे से दोपहर बाद 3:30 बजे तक स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। वहीं दोनों टीमें दोपहर 12 बजे स्टेडियम पहुंचेंगी। मैच के दौरान रांची का मौसम कुछ बदला रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह कोहरा छाएगा और फिर दिन में बादल छाए रहेंगे। लेकिन बारिश की कोई संंभावना नहीं है। बादलों के बीच स्टेडियम में चौके-छक्कों की बरसात होगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। ज्यादा ठंड भी नहीं होगी। मैच को देखते हुए पूरे शहर को अलर्ट मोड पर रखा गया है। खिलाड़ियों और मैच की सुरक्षा में चार हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। चूंकि तीन साल बाद रांची में वनडे मुकाबला हो रहा है, इसलिए दर्शकों में खासा उत्साह है। मैच के सभी टिकट दो दिन में ही बिक चुके हैं। रविवार सुबह से ही स्टेडियम जाने वाले रास्ते में जमावड़ा लगना शुरू हो जाएगा। इसे देखते हुए ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया है। शहर में सुबह छह से रात 10 तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पिच बैटिंग फ्रेंडली, ओस की भूमिका सबसे बड़ी रांची| जेएससीए स्टेडियम में अब तक छह वनडे मैच हुए हैं। इनमें टीम इंडिया ने चेज कर तीन मैच जीते हैं। दो में हार मिली और एक मैच रद्द हो गया। रांची के क्रिकेट कोच चंचल भट्टाचार्य ने बताया कि जेएससीए स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली रही है। इस पिच की खासियत है सतह का प्राकृतिक धीमापन, जो मध्य ओवरों में स्पिनरों को खेल में लाता है। शुरुआत में हल्की ग्रिप और सीम मूवमेंट देखने को मिलता है, पर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, विकेट बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो जाती है। नवंबर में खेले जाने वाले मैचों को लेकर सबसे बड़ी भूमिका ओस (ड्यू) निभाती है। रांची की शाम इस महीने काफी नम होती हैं और जेएससीए में अक्सर दूसरी पारी में भारी ओस गिरती है। यही कारण है कि इस मैदान पर टॉस जीतकर चेज करना सामान्यतः बेहतर विकल्प माना जाता है। इस बार मौसम विभाग ने भी कोहरे की संभावना जताई है, ऐसे में दूसरी इनिंग्स में स्कोर करना थोड़ी दिक्कत हो सकती है। ओस गिरने के बाद गेंदबाजों खासतौर पर स्पिनरों के लिए गेंद पकड़ना मुश्किल होता है और सीमर्स की ग्रिप भी प्रभावित होती है। गेंद गीली होने पर विकेट की धीमी प्रकृति भी बदली हुई दिखती है और स्ट्रोक-प्ले आसान हो जाता है। रविवार के मुकाबले में भी परिस्थितियां लगभग ऐसी ही रहने की उम्मीद है। यही कारण है कि टॉस मैच का टोन सेट कर सकता है। रांची में यह सातवां वनडे {अब तक छह वनडे मैच खेले गए। भारत को तीन में जीत, दो में हार मिली। एक मैच रद्द हो गया। {विराट कोहली चार वनडे में बल्लेबाजी कर चुके हैं। दो मैच में 123 व 139 रनों की पारी खेली, दो में 77 व 45 रन बनाए। रोहित शर्मा ने दो वनडे में बल्लेबाजी की, एक में 11 और दूसरे में 9 रन पर आउट हुए। वनडे में हाई स्कोर 313 {8 मार्च 2019 को भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने 313 रन बनाया था। यह इस स्टेडियम का सबसे हाई स्कोर हे। 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चेज करते हुए भारत ने 282 रन बनाए थे। 2016 में यहां सर्वाधिक 260 रन और 2014 में 288 रन बनाए थे। {अंदर खाने-पीने की क्या व्यवस्था है एक बार स्टेडियम में प्रवेश कर गए तो आप बाहर नहीं निकल सकेंगे। बाहर आने पर दोबारा एंट्री नहीं होगी। हर विंग के अंदर खाने-पीने के स्टॉल होंगे, जहां से आप खरीदकर खा सकते हैं। स्टेडियम के आसपास 10 जगह कर सकेंगे गाड़ी पार्क: पढ़ें रांची फ्रंट पेज {वाहनों के पार्किंग की क्या व्यवस्था है स्टेडियम के चारों ओर 10 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ये हैं- सखुआ बागान, महाराणा प्रताप सिंह स्कूल, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, नेहरू स्टेडियम, मियां मार्केट तीन मुहाना के पास, संत थॉमस स्कूल के पास, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान के पास। {कब से कब तक स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा दर्शक सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक स्टेडियम में एंट्री कर सकेंगे। टिकट पर अंकित प्रवेश द्वार से ही एंट्री होगी। नवजात को लेकर जा रहे हैं तो उसका भी टिकट लगेगा। {स्टेडियम में क्या ले जाने पर रोक रहेगी स्टेडियम में कांच व प्लास्टिक का पानी का बोतल, सिगरेट, माचिस, संगीत वाद्ययंत्र, ज्वलनशील पदार्थ, विषाक्त पदार्थ, धातु के कंटेनर, पटाखे, हथियार, हेलमेट, थाली, खाना, अल्कोहल, कंप्यूटर, वीडियो रिकॉर्डर, तंबाकू, डीएसएलआर कैमरा और वीडियो रिकॉर्डर नहीं ले जा सकते हैं।


