रांची में आज से चार दिन भारी बारिश के आसार

झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार से दो जुलाई तक रांची सहित अधिकतर जिलों में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इसके लिए बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। यह समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से बांग्लादेश के तटीय इलाके और पश्चिम बंगाल में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। यह पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और झारखंड को पार करते हुए आगे बढ़ने की संभावना है। इसी वजह से बारिश की संभावना बन रही है। गौरतलब है कि मानसून की एंट्री के बाद से ही झारखंड में लगातार बारिश हो रही थी। पिछले दो दिन से बारिश से कुछ राहत मिली है। लेकिन अब एक बार फिर मौसम बिगड़ेगा। 40 से 50 किमी ​की रफ्तार से हवा चलेगी। ठनका गिरने की भी संभावना है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तेनुघाट में बारिश: मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान तेनुघाट में सबसे ज्यादा 77 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा धनबाद के पंचेत में 52.2 एमएम बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के बाद भी अधिकतम तापमान पाकुड़ जिले में 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान रांची में 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जानिए…चार दिन कहां कैसा रहेगा मौसम 29 जून… चार जिलों में ऑरेंज, 12 जिलों में यलो अलर्ट: रांची, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होगी। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू और गढ़वा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 जून… सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो व धनबाद में बारिश का ऑर​ेंज अलर्ट जारी है। वहीं देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्‌डा व साहिबगंज को छोड़कर अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 1 जुलाई… छह जिलों में ऑरेंज, आठ जिलों में यलो अलर्ट: गुमला, लोहरदगा, लातेहार, चतरा, पलामू और गढ़वा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आठ जिले रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 2 जुलाई… 10 जिलों में यलो अलर्ट: रांची, गुमला, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी है। वहीं शेष हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *