रांची में पहली बार अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट, देश के 18 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश के 1,228 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

रांची में पहली बार मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स होटवार में 10 से 15 फरवरी तक 68वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन किया जाएगा। मार्चपास्ट के साथ ड्यूटी मीट का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे। वहीं 15 फरवरी को प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। झारखंड पुलिस के आईजी स्पेशल ब्रांच प्रभात कुमार ने बताया कि ड्यूटी मीट में 18 राज्य, 2 केंद्रशासित प्रदेश व 08 अर्द्ध सैनिक संगठन की टीमें भाग लेगी। प्रतिस्पर्धा में पुलिस व अर्द्ध सैनिक संगठन के 1,228 प्रतिभागी, जिनमें 1160 पुरुष प्रतिभागी व 68 महिला प्रतिभागी शामिल होंगे। श्वान दस्ता की 21 टीमों के 128 श्वान भी होंगे। 1953 से आयोजित की जा रही प्रतियोगिता आईजी प्रभात कुमार ने बताया कि अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन अखिल भारतीय पुलिस खेलकूद अथॉरिटी की ओर से प्रत्येक वर्ष किया जाता है। पहली बार वर्ष 1953 में राइफल-रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस संगठनों के कर्मियों के बीच सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में 45 निर्णायक सदस्य भी रहेंगे। पांच इवेंट्स में 13 विषयों की प्रतिस्पर्धा का होगा आयोजन ड्यूटी मीट में जो प्रमुख इवेंट होंगे, उनमें राइफल -रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता, बैंड प्रतियोगिता, साइंटिफिक एंड ट्रू इन्वेस्टिगेशन, पुलिस फोटोग्राफी और कंप्यूटर अवेयरनेस शामिल हैं। इन पांच इवेंट्स में 13 विषयों की प्रतिस्पर्धा होगी। इनमें विधि विज्ञान लिखित परीक्षा, मेडिको-लीगल मौखिक परीक्षा, पुलिस फोटोग्राफी परीक्षा, पुलिस वीडियोग्राफी, क्राइम इन्वे​िस्टगेशन लॉ रूल्स तथा कोर्ट जजमेंट, लिफ्टिंग पैकिंग, प्रदर्शों का अग्रसारण, अंगुलांक विज्ञान प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षा आदि शामिल हैं। छऊ नृत्य सहित कई सांस्कृति कार्यक्रम होंगे : सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के साथ-साथ आईटीएस और रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल हो रहे प्रतिभागियों के लिए संध्या में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। जिसमें छऊ नृत्य, नागपुरी नृत्य, जैप-10 व आईआरबी के जवानों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व नाटक की भी प्रस्तुति दी जाएगी। प्रतिभागियों को झारखंड के समृद्ध प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन स्थलों से भी परि​चित कराया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *