रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. गुरु चरण साहू से गुरुवार को अबुआ अधिकार मंच के सदस्य मिले और छात्र संघ चुनाव कराने समेत अन्य समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। इसमें शिक्षकों की कमी दूर करने, सेशन नियमित करने, पेयजल की व्यवस्था करना शामिल है। विवि संयोजक अभिषेक शुक्ला ने कहा कि यदि एक सप्ताह में इन समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो विश्वविद्यालय में धरना प्रदर्शन, आंदोलन और तालाबंदी के लिए बाध्य होंगे। सेशन लेट रहने से छात्रों में निराशा की स्थिति है। पिछले पांच साल से छत्र संघ चुनाव नहीं कराए गए हैं, जबकि चुनाव के नाम पर हर साल छात्रों से शुल्क लिया जा रहा है। कई कॉलेजों के कई विषयों में एक भी शिक्षक नहीं है। रजिस्ट्रार को मारवाड़ी और डोरंडा कॉलेज की समस्याओं से अवगत कराया। पीजी विभाग के आर्ट्स ब्लॉक में छात्र-छात्राओं के लिए कैंटीन खोलने की भी मांग की। मौके पर विशाल कुमार यादव, अमित तिर्की, प्रियांशु शर्मा, रूफी प्रवीण, मनस्वी जायसवाल, आकाश नयन समेत अन्य थे।


