रांची समेत राज्यभर में बारिश, 7 जिले में गिरे ओले, ठनके से 5 मौत; आज भी ऑरेंज अलर्ट

बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं की वजह से झारखंड में गुरुवार शाम लगभग सभी जिलों में जोरदार बारिश हुई। इससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। रांची में दोपहर बाद ही बादल छाने लगे थे। शाम करीब 4 बजे काले बादलों के कारण अंधेरा छा गया। शाम 4.20 बजे झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के वैज्ञा​निक अभिषेक आनंद ने कहा कि 11 अप्रैल को रांची सहित 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट है। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट आ सकती है। लेकिन, भारी बारिश की वजह से सब्जी, गेंहू और आम की फसल को नुकसान भी पहुंचा है। वहीं, ठनका गिरने से राज्य में 5 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हैं। मरने वालों में हजारीबाग के पदमा निवासी शिवपूजन साहू, राजकुमार साहू, छोटे साव, चरही के गंगो किस्कू (50) और गुमला के तुरिया उरांव (62) शामिल हैं। लातेहार के गनु यादव (40), हजारीबाग की मालती देवी (65), चतरा की बसंती देवी (25), डहुरी के चेतलाल यादव (68)और मुन्नी यादव (68) घायल हैं। जानिए… आज किस जिले में कैसा रहेगा मौसम यहां आरेंज अलर्ट: रांची, खूंटी, सरायकेला, पश्चिम व पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में। यहां यलो अलर्ट: सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू और गढ़वा में तेज हवा के बारिश हो सकती है। सबसे अधिक बारिश गुमला के घाघरा में हुई मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक बारिश गुमला के घाघरा में 14 एमएम दर्ज की गई। गिरिडीह के डुमरी में 5 एमएम और बरही में 3.2 एमएम बारिश हुई। यहां हुई बारिश: रांची, धनबाद, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, चाईबासा, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा, गढ़वा, दुमका, घाटशिला, जामताड़ा , खूंटी, सिमडेगा और गुमला। यहां पड़े ओले: पलामू, लातेहार, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ व हजारीबाग।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *