स्पेशल ब्रांच ने एसएसपी को दी जानकारी:पैसेंजर वैन से चोरी का कोयला चंदवे, सांगा व कुम्हरिया में ईंट भट्ठों तक पहुंचा रहे माफिया

गर्मी का मौसम शुरू होते ही ईंट भट्ठों में काम में तेजी आ गई है। ईंट भट्ठों तक चोरी का कोयला अब ट्रक से नहीं, बल्कि चोरी-छिपे वैन से पहुंचाया जा रहा है, ताकि पुलिस की भी नजर इन पर न पड़े। ईंट भट्ठा संचालकों को मिट्टी तो आसानी से मिल जा रही है, लेकिन कोयला ओपन मार्केट से लेना महंगा पड़ता है। ऐसे में कई ईंट भट्ठा संचालक चोरी का कोयला ले रहे हैं। इसके लिए कोयला माफिया कई जगहों पर चोरी का कोयला डंप कर रहे हैं। अहले सुबह वैन से चोरी का कोयला लाया जा रहा है और किसी जगह डंप किया जा रहा है। क्योंकि ईंट भट्ठा संचालक इसे सस्ती दर पर उनसे बड़ी मात्रा में खरीद रहे हैं। जो कोयला बाजार दर पर उन्हें 13 से 14 रुपए प्रति किलो मिल रहा है, चोरी का कोयला उन्हें 9 से 10 रुपए प्रति किलो की दर पर मिल जा रहा है। ईंट निर्माण का सीजन आ जाने से चोरी के कोयला की मांग ईंट भट्ठों में इन दिनों काफी बढ़ गई है। स्पेशल ब्रांच की ओर से भी एसएसपी को रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। जिसमें बताया गया है कि रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है। इन ईंट भट्ठों के लिए अवैध कोयला, मिट्टी और बालू का भंडारण किया जा रहा है। अवैध डंपिंग पिठौरिया थाना क्षेत्र के चंदवे, कुम्हरिया और सांगा क्षेत्र में की जा रही है। चंदवे में अवैध रूप से कोयला, सांगा में कोयला के साथ बालू का भी भंडारण किया गया है। इसके अलावा रातू में अवैध कोयला की डंपिंग की गई है। छापर से एक वैन में आ रहा 1400 किलो अवैध कोयला वैन से चोरी का कोयला छापर से अवैध रूप से लाया जा रहा है। कोयला माफियाओं ने वैन की पीछे वाली सीट को निकाल दिया है, ताकि वैन अंदर से पूरी तरह से खाली हो जाए। एक वैन में 1300 से 1400 किलो कोयला एक बार में लाया जा रहा है। जिसे 10 रुपए किलो के हिसाब से 14000 रुपए में कोयला माफिया बेच रहे हैं। छापर से चोरी का कोयला लाने के कई रूट हैं। ये लोग अहले सुबह चोरी का कोयला वैन में लोड कर पिठौरिया, बुढ़मू, ठाकुरगांव व रातू पहुंचा रहे हैं। पिठौरिया में 15 से अधिक ईंट भट्ठे हैं। इसके अलावा रातू, बुढ़मू व ठाकुरगांव में भी ईंट भट्ठे हैं, इसलिए चोरी के कोयला की मांग यहां बढ़ गई है। चोरी का कोयला लाने में रोज 10 से अधिक वैन इस्तेमाल में लाए जा रहे हैं। इसमें एक बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है। इधर, कस्बों में बढ़ी अवैध गांजा, प्रतिबंधित दवा कोरेक्स, अल्प्राजोलम की खरीद-बिक्री विशेष शाखा ने नशा बेचने वालों के नाम भी एसएसपी को बताए शहरी क्षेत्र में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस ने दबिश बढ़ाई तो ये अब रांची के आसपास के क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। इस संबंध में विशेष शाखा की ओर से एक रिपोर्ट रांची एसएसपी को भेजी गई है। जिसमें बताया गया है कि अवैध गांजा, प्रतिबंधित दवा कोरेक्स व अल्प्राजोलम टैबलेट की खरीद-बिक्री बढ़ गई है। इसमें शहर से सटे इलाके में नशा के कारोबारियों की सक्रियता बढ़ गई है। विशेष शाखा की ओर से एसएसएपी रांची को भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि मामले की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। विभाग की ओर से इस धंधे में संलिप्त लोगों के नाम और क्षेत्र भी भेजे गए हैं। सबसे अधिक इन नशीले पदार्थों का उपयोग पिठोरिया इलाके में बढ़ा है। पिठोरिया क्षेत्र के पिरूटोला के ये लोग करते हैं नशे का कारोबार : विशेष शाखा की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि अवैध गांजा, कोरेक्स व अल्प्राजोलम टैबलेट की खरीद-बिक्री पिठौरिया थाना क्षेत्र के पीरू टोला व कोनकी में बढ़ी है। जिन लोगों के नाम एसएसपी को भेजे गए हैं, उनमें पिरूटोला का रेहान अंसारी, हेठ कोनकी का रमीज अंसारी, बाबर अंसारी, छोटू और पीरू टोला का रहने वाला साजिद अंसारी के नाम शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि ये लोग इन मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करते हैं। आईटीई बस स्टैंड के पास बढ़ा गांजा, ब्राउन शुगर का धंधा : पुंदाग ओपी क्षेत्र में गांजा व ब्राउन शुगर बेचने वालों पर कार्रवाई शुरू हुई तो इन लोगों ने अपना क्षेत्र बदल लिया है। अब ये आईटीआई बस स्टैंड पंडरा के पास अपना धंधा कर रहे हैं। भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र होने की वजह से यहां इन मादक पदार्थों की खपत काफी बढ़ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *