राई नृत्य में हंगामा, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

भास्कर संवाददाता | मंडीबामौरा ऐरण महोत्सव के दौरान गुरुवार देर रात राई नृत्य कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ दर्शकों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। बताया गया कि कार्यक्रम देखने आए कुछ लोग बैरिकेड्स के पास बैठकर कुर्सियां तोड़ने लगे और फिर बैरिकेड्स तोड़कर मंच की ओर बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। जानकारी के अनुसार हंगामा बढ़ते ही एक आरक्षक ने उपद्रव कर रहे लोगों को रोकने के लिए लाठी का हल्का प्रयोग किया। इसके बाद पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम पुनः शुरू किया गया। इस संबंध में आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग अनुशासन भंग कर कुर्सियां तोड़ रहे थे और आसपास बैठे लोगों को परेशान कर रहे थे। वे बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने लगे थे, जिन्हें समय रहते समझाइश देकर शांत कराया गया। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *