‘राग, रंग और राजस्थान’ थीम पर हुआ वार्षिक उत्सव:स्प्रिंगफील्ड-स्कूल के 800 विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक प्रस्तुति

जयपुर के मानसरोवर स्थित स्प्रिंगफील्ड स्कूल का वार्षिक उत्सव शुक्रवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में ‘राग, रंग और राजस्थान’ थीम पर आयोजित किया गया। स्कूल की एसोसिएट डायरेक्टर श्रेया जैन रोज़ ने बताया कि इस रंगारंग कार्यक्रम में जूनियर और सीनियर वर्गों के लगभग 800 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस साल के उत्सव की थीम “राग, रंग और राजस्थान” थी। विद्यार्थियों ने नृत्य और नाटकों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और लोक-परंपराओं को जीवंत किया। सुबह सत्र के जूनियर कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कालीचरण सर्राफ ने किया, जबकि शाम के सत्र के सीनियर कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन मृगेशाकुमारी ने किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राजस्थान के इतिहास और लोक-संस्कृति पर आधारित प्रभावशाली चरित्रों जैसे गुलाबो, अमृतादेवी, पन्ना धाय और हाड़ा रानी को अपने अभिनय से सजीव किया। मंच पर कालबेलिया, चरी, मंजीरा, घूमर और कठपुतली जैसे राजस्थान के प्रमुख लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। नगाड़ा, ढोलक, सारंगी और अलगोजा जैसे पारंपरिक वाद्यों की धुनों ने पूरे वातावरण में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। प्रधानाचार्य कीथ रोज़ ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथियों के साथ उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक और खेल-कूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन NSPA के संचालक नवीन शर्मा के सान्निध्य में हुआ। उत्सव का समापन एक भव्य फैशन शो के साथ हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने पारंपरिक राजस्थानी परिधानों जैसे घाघरा-ओढ़नी, बंधेज धोती-कुर्ता और साफा में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों, लोक-संगीत और आकर्षक लाइटिंग ने पूरे मंच को उत्सव-मय बना दिया, जिससे दर्शकों में भी उत्साह का संचार हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *