कोटपूतली के राजकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) कॉलेज में राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान संविधान की विशेषताओं और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आरके सिंह ने बताया कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हुआ था, जिसके उपलक्ष्य में हर वर्ष इस दिन संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष संविधान दिवस ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ थीम पर आधारित है। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के पाठ से हुई। मुख्य वक्ता प्रो. देशराज यादव ने अपने संबोधन में संविधान की विशेषताओं और नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को सामाजिक न्याय और स्वतंत्रता प्रदान करता है। संविधान दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में “आजादी के बाद डॉ. भीम राव अम्बेडकर के सिद्धांतों एवं विचारों का व्यावहारिक स्तर पर क्रियान्वयन” विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में प्रो. शीशराम यादव, प्रो. पदमा मीणा, प्रो. जयवीर, प्रो. खेमचंद, प्रो. नीरू, प्रो. कपूर चंद, प्रो. बाबू लाल मीणा, प्रो. मालीराम मीणा, प्रो. हरिराम धनेटिया, प्रो. सज्जन सिंह, प्रो. नंद लाल, प्रो. मुकेश अग्रवाल, प्रो. योगेश यादव, प्रो. कृष्णा पोसवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. चंदन सिंहल और प्रो. शीश राम मीणा सहित एन.एस.एस., स्काउट एवं एन.सी.सी. के विद्यार्थी उपस्थित रहे।


