राजकीय सम्मान से लोकतंत्र सेनानी का अंतिम संस्कार:शिवपुरी में उत्तमचंद जैन को गार्ड ऑफ ऑनर; 89 साल की उम्र में निधन

शिवपुरी के प्रख्यात न्यायविद, वरिष्ठ अधिवक्ता और लोकतंत्र सेनानी उत्तमचंद जैन का हाल ही में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। गुरुवार को स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शासन के निर्देशों के अनुसार, प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस बल ने मातमी धुन बजाते हुए पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम सलामी दी। इस अवसर पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक जगत की हस्तियां, जनप्रतिनिधि, अभिभाषक संघ के पदाधिकारी, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। अंत्येष्टि में कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। वरिष्ठ अभिभाषक उत्तमचंद जैन को मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र निर्जय जैन और नाति सोमेश जैन ने दी। वरिष्ठ अधिवक्ता जैन एक कुशल वकील होने के साथ-साथ लोकतंत्र सेनानी भी थे। जून 1975 में देश में आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए दो माह की जेल यात्रा की थी। 2018 में मिला था ताम्रपत्र
मीसाबंदी लोकतंत्र सेनानी के रूप में उन्हें 26 जनवरी 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ताम्रपत्र से सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त, उन्हें हर वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाता रहा। उनकी सादगी, निर्भीकता और गहन कानूनी ज्ञान के लिए उन्हें जाना जाता था। उनके निधन पर अभिभाषक संघ, व्यापारिक संगठनों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने शोक व्यक्त किया। शोक सभा में वक्ताओं ने उन्हें मार्गदर्शक स्तंभ बताया और कहा कि उनका जाना शिवपुरी के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने पीछे एक समृद्ध वैचारिक विरासत छोड़ी है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *