एमसीबीयू में पांचवां दीक्षांत समारोह कल:19 शोधार्थियों को डॉक्टरेट, 46 को स्वर्ण पदक मिलेंगे, राज्यपाल करेंगे अध्यक्षता

छतरपुर में महाराज छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (एमसीबीयू) का पांचवां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को शताब्दी हॉल परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। दीक्षांत समारोह में मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. खेमसिंह डहेरिया, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार और क्षेत्रीय विधायक श्रीमती ललिता यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुरुवार को हुई अंतिम रिहर्सल
समारोह से पूर्व गुरुवार को अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। इसमें कुलगुरु प्रो. राकेश कुशवाह, रजिस्ट्रार यशवंत सिंह पटेल और दीक्षांत समारोह समन्वयक डॉ. ममता बाजपेई मौजूद रहे।मीडिया समिति के सदस्य पूजा तिवारी और एनके पटेल ने बताया कि रिहर्सल में स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्राप्त करने वाले प्रतिभागी, शोध छात्र, एनसीसी, एनएसएस के छात्र-छात्राएं और संगीत विभाग के दल ने अभ्यास किया। 278 प्रतिभागियों को मिलेगी उपाधि
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के कुल 278 प्रतिभागियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।इनमें से 46 प्रतिभागियों को स्वर्ण पदक और 19 शोधार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधि राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा प्रदान की जाएगी। दीक्षांत शोभा यात्रा से होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह की शुरुआत दीक्षांत शोभा यात्रा से होगी। इसके बाद राष्ट्रगान, सरस्वती वंदना और कुलगान की प्रस्तुति दी जाएगी।कुलगुरु प्रो. राकेश कुशवाह स्वागत भाषण देंगे और विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय की स्मारिका ‘दीक्षावाणी’ का विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर सभी उपाधिधारक शपथ भी ग्रहण करेंगे।राज्यपाल मंगुभाई पटेल अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे, जबकि प्रो. खेमसिंह डहेरिया दीक्षांत उद्बोधन प्रस्तुत करेंगे। प्रवेश व पार्किंग की व्यवस्था
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी छात्र-छात्राएं और शोधार्थी शुक्रवार सुबह 10 बजे निर्धारित यूनिफॉर्म व आई कार्ड के साथ साइकिल स्टैंड वाले छोटे गेट से प्रवेश करेंगे।वाहनों की पार्किंग साइकिल स्टैंड से वाणिज्य विभाग तक निर्धारित की गई है। जबलपुर से आमंत्रित पुलिस बैंड पार्टी राष्ट्रगान की विशेष प्रस्तुति देगी। जिला, पुलिस और नगरीय प्रशासन दीक्षांत समारोह में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल ने विश्वविद्यालय के पीजी कक्षाओं के सभी नियमित विद्यार्थियों से निर्धारित यूनिफॉर्म और आई कार्ड पहनकर अधिक से अधिक संख्या में समारोह में उपस्थित रहने की अपील की है।साथ ही सभी आमंत्रित अतिथियों से पूर्वाह्न 10:30 बजे तक अपने स्थान ग्रहण करने का अनुरोध किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *