राजगढ़ में बुधवार सुबह नेवज नदी के बड़े पुल के पास एक महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह लगभग 8 बजे लोगों ने नदी में तैरता हुआ शव देखा और तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला की पहचान ममता शिवहरे (53), निवासी पारायण चौक, राजगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनके परिवार में कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी तनाव के कारण वे मंगलवार दोपहर बिना बताए घर से निकल गई थीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिलीं तो उनके पति गिरिराज शिवहरे ने रात में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह नेवज नदी में उनका शव मिला। पुलिस का मानना है कि संभवतः महिला ने पानी में कूदकर आत्महत्या की होगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


