राजगढ़ में कलेक्टर गिरीश मिश्रा ने फहराया झंडा:परेड की सलामी ली, हर्ष फायर और बैंड की देशभक्ति धुनों से गुंजा ग्राउंड

राजगढ़ जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह स्थानीय परेड ग्राउंड परिसर में आयोजित हुआ, जहां कलेक्टर गिरीश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन भी किया। ध्वजारोहण के बाद विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल और होमगार्ड जवानों ने मार्चपास्ट किया। जवानों द्वारा हर्ष फायर किए गए, जिससे पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही बैंड दल ने देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के दूसरे चरण में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली गईं। जिला पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल जीवन मिशन, कृषि, उद्यानिकी, वन मंडल, खाद्य नागरिक आपूर्ति, शिक्षा, उद्योग, पशुपालन और मत्स्य विभाग की झांकियों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर गिरीश मिश्रा ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस समारोह में सांसद रोडमल नागर, विधायक अमर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष चन्दर सिंह सौंधिया, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बड़ी संख्या में नगरवासी भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *