राजसमंद में महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार और पहचान देने के उद्देश्य से लगी स्वयंसिद्धा एग्जीबिशन का सोमवार को तीसरा और अंतिम दिन रहा। इस एग्जीबिशन में प्रदेश के 15 जिलों और अन्य राज्यों से आई महिला उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रस्तुत किए, जहां अंतिम दिन शहरवासियों की अच्छी मौजूदगी और खरीददारी देखने को मिली। तीसरे दिन बढ़ी ग्राहकों की मौजूदगी तीन दिन चली स्वयंसिद्धा एग्जीबिशन के अंतिम दिन शहरवासियों की संख्या ज्यादा रही। बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार खरीददारी के लिए पहुंचे। स्टॉल्स पर दिनभर रौनक बनी रही और कई महिला विक्रेताओं के उत्पाद बिकते नजर आए। 15 जिलों और अन्य राज्यों की महिलाएं शामिल एग्जीबिशन में राजस्थान के 15 जिलों के साथ अन्य राज्यों से आई महिला उद्यमियों ने भाग लिया। महिलाओं ने अपने स्तर पर तैयार किए गए उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाया और अपने काम की जानकारी दी। हस्तनिर्मित से लेकर घरेलू उपयोग के उत्पाद प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों के साथ साडी, सूट, आयुर्वेदिक दवाइयां, खाद्य सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुएं रखी गईं। गुणवत्तापूर्ण और स्वदेशी उत्पादों को लेकर खरीदारों में खास रुचि देखी गई। अंतिम दिन अच्छी बिक्री होने के बाद महिला विक्रेताओं ने संतोष जताया। उन्होंने बताया कि इस तरह की एग्जीबिशन से उनके उत्पादों को सीधा बाजार मिलता है और पहचान भी बनती है। एग्जीबिशन का संचालन पूरी तरह महिलाओं द्वारा किया गया। यह महिला इकाई का चौथा एग्जीबिशन रहा। इसके माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार से जोडने का प्रयास किया गया।


