राजगढ़ में केंद्रीय मंत्री ने किया स्मार्ट क्लास का निरीक्षण:छात्रों से बोले- अगर आप बेहतर बनेंगे, तो हमारा देश बेहतर बनेगा

केंद्रीय कोयला और खदान मंत्री सतीश कुमार दुबे शुक्रवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर राजगढ़ में रहे। इस दौरान उन्होंने जिले के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने उत्कृष्ट स्कूल में स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया और छात्रों से संवाद करते हुए शिक्षा में तकनीकी नवाचार के महत्व को रेखांकित किया। आज दोपहर 2 बजे केंद्रीय मंत्री सतीश कुमार दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, सांसद रोडमल नागर, राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा, और एसपी आदित्य मिश्रा के साथ राजगढ़ के उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे। स्कूल में उन्होंने नीति आयोग के तहत स्थापित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया। जहां कक्षा 9 से 12 के छात्रों के साथ बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा, “नई शिक्षा नीति के तहत स्मार्ट क्लास जैसे उपाय छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने में सहायक होंगे। यह तकनीकी सुधार छात्रों को सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और रोचक बनाएगा।” छात्र-छात्राओं ने की नई शिक्षण पद्धति की सराहना स्मार्ट क्लास के उपयोग से उत्साहित छात्रों ने इसकी सुविधाओं और नई शिक्षण पद्धति की जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई अब अधिक रोचक और इंटर एक्टिव हो गई है। मंत्री ने छात्रों से उनकी पढ़ाई, करियर और योजनाओं के बारे में चर्चा की और उन्हें प्रेरित करते हुए कहा, “आप ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा के माध्यम से आप अपने क्षेत्र और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं।” केंद्रीय मंत्री ने उत्कृष्ट स्कूल के छात्र- छात्राओं से कहा, “आज बेटा और बेटी में कोई भेदभाव नहीं है। हमारी बेटियां अंतरिक्ष में जा रही हैं और बेटे सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे हैं। बेटा और बेटी दोनों साइकिल के पहियों की तरह हैं।” उन्होंने छात्रों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “यदि आप बेहतर बनेंगे, तो हमारा देश भी बेहतर बनेगा।” कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मुकेश पिपलोटिया ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला, प्राचार्य महेश गुप्ता, और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। जिला पंचायत कार्यालय में ली समीक्षा बैठक केंद्रीय कोयला और खनन राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने शुक्रवार को सुबह नीति आयोग के तहत आकांक्षी जिले के विकास पैरामीटर की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान सांसद रोडमल नागर, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला और बाल विकास, कृषि, और जल जीवन मिशन से संबंधित प्रगति की जानकारी दी। राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। लीड बैंक मैनेजर किसानों को आर्थिक मदद प्रदान करें। मिशन से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास सुनिश्चित किया जाए। सांसद रोडमल नागर की सराहना की मंत्री ने सांसद रोडमल नागर की प्रशंसा करते हुए कहा, “उन्होंने अपने जिले में 200 स्मार्ट क्लास स्थापित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके लिए मैं उन्हें साधुवाद देता हूं।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *