राजगढ़ में शुक्रवार को तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हुआ। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा और शीतलहर जारी रही, जिससे पूरा इलाका धुंध की चादर में ढका नजर आया। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रही और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। कोहरे के साथ चल रही तेज शीतलहर और हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया। सुबह कामकाज के लिए निकलने वाले लोग पूरी तरह गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे। सड़कों पर गर्म कपड़े बेचने वाले और छोटे दुकानदार अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते नजर आए। बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर अलाव ठंड से बचाव का मुख्य सहारा बने रहे। तापमान में मामूली बढ़ोतरी, ठंड बनी हुई मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी को राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 2 जनवरी को बढ़कर 9.0 डिग्री सेल्सियस हो गया। पिछले 24 घंटों में तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन कोहरा और शीतलहर के कारण ठंड का असर अभी भी कायम है। देखिए तस्वीरें…


