रायसेन में 1 जनवरी से मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और साथ ही शीतलहर व कोहरा भी देखा गया। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकली और उसके बाद भी बादलों के कारण धूप बेअसर रही। ठंडी हवाएं चलने से दिन भर सर्दी का एहसास बना रहा। 25 दिन बाद रात का पारा 10 डिग्री के पार
करीब 25 दिनों के बाद रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले लगातार 25 दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ था, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग ने 2 जनवरी से मौसम में और बदलाव की संभावना जताई थी। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की सक्रियता के कारण मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में सुबह घना कोहरा छाने के साथ-साथ शीतलहर, कोल्ड डे और तेज ठंड का प्रभाव बना रहेगा। 222 किमी की रफ्तार से चली जेट स्ट्रीम
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को जेट स्ट्रीम (ठंडी-गर्म हवा का नदी जैसा प्रवाह) की रफ्तार 222 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। इसी वजह से मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव दर्ज किया गया। जेट स्ट्रीम की यह तेज गति आगे भी जारी रहने की संभावना है।


