राजगढ़ जिले में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मंगलवार सुबह से ही ठंडी हवा का असर तेज रहा। मौसम विभाग के अनुसार, जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजगढ़ जिला प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में टॉप-5 में शामिल है। ठंड से बचने के लिए सुबह के समय शहर और ग्रामीण इलाकों में लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। बाजारों, चौराहों और बस स्टैंड पर लोग गर्म कपड़ों और शॉल-कंबलों में लिपटे दिखाई दिए। ठंड का असर बच्चों पर विशेष रूप से देखा गया। छोटे बच्चे टोपी, स्वेटर और जैकेट पहनकर स्कूल जाते दिखे। हालांकि, कड़ाके की ठंड के बावजूद स्कूलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बच्चों और अभिभावकों ने बताया कि सुबह के समय स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है। कई बच्चों को तेज ठंडी हवा के बीच परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में ठंडी हवा का प्रकोप जारी है और आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्कूल समय को लेकर कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है।


