राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शुक्रवार को केंद्रीय बजट पर चर्चा के लिए राजगढ़ पहुंचे। भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने एक दिन पहले सीहोर जिले में दिए अपने बयान पर सफाई दी। मंत्री ने लाडली बहनों से माफी मांगते हुए स्पष्ट किया कि उनकी मंशा किसी भी बहन का नाम काटने या राशि रोकने की नहीं थी। मंत्री वर्मा ने कहा कि यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह उसके लिए क्षमा चाहते हैं। उन्होंने अपने बयान को लेकर उपजे विवाद पर खेद व्यक्त किया। मंत्री ने अपने बताया कि कार्यक्रम एक अस्पताल के उद्घाटन का था। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बहनों को प्रणाम किया था और अधिकारियों से सभी लाडली बहनों को बुलाने को कहा था। उनकी मंशा थी कि वे अपनी ओर से उनके भोजन की व्यवस्था करें और महिला सशक्तिकरण व अन्य विषयों पर चर्चा करें। ‘त्रुटि हो गई हो तो मैं क्षमा चाहता हूं’
मंत्री ने जोर देकर कहा, “पैसा बहनों को मिलता है और मिलता रहेगा, ऐसी दुनिया की कोई ताकत नहीं जो इसे समाप्त कर दे।” उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बहनों के सम्मान और बजट में उनके लिए किए गए प्रावधानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आगे कहा, “मुझसे बाई चांस अगर कोई त्रुटि हो गई हो तो मैं क्षमा चाहता हूं। मैंने बोला था कि मैं अगर आऊंगा तो सभी 889 बहनों के लिए भोजन की व्यवस्था करूंगा। मेरे बारे में आप जानते हो, अगर भोजन की व्यवस्था करूंगा तो मेरी तरफ से करूंगा।” मंत्री वर्मा ने अंत में कहा, “इस हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहब हैं और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव हैं, कौन बहनों का पैसा काटेगा। जो पैसा बहनों को मिल रहा है वह मिलता रहेगा, यही तो हमारी शक्ति है।” यह भी पढ़ें…
मंत्री की धमकी-कार्यक्रम में नहीं आईं… लाड़ली-बहनों के नाम कटेंगे इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धामंदा में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाड़ली-बहना योजना की लाभार्थियों को चेतावनी दी थी कि यदि वे कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगी, तो उनके नाम योजना से काट दिए जाएंगे। मंत्री वर्मा का यह बयान नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सामने आया। उन्होंने कहा कि ग्राम धामंदा में 894 लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की राशि दी जा रही है, इसके बावजूद सरकारी कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति बेहद कम रहती है। पूरी खबर पढ़िए…


