रांची की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राजगीर खेल विश्वविद्यालय की तरह होगी। खेल अधिकारियों की एक कमिटी राजगीर समेत अन्य राज्यों के खेल विश्वविद्यालयों का अध्ययन करने जाएगी। झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्य सचिव अलका तिवारी ने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया है। खेल विवि का संचालन झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी और सीसीएल के संयुक्त तत्वावधान में होगा। शुक्रवार को मुख्य सचिव ने खेलगांव में 200 एकड़ में फैले चार इनडोर और छह आउटडोर स्टेडियम सहित अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के समुचित उपयोग पर बल दिया। 200 एकड़ के कैंपस में चल रहा स्पोर्ट्स एकेडमी: झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी और सीसीएल के बीच 50-50 प्रतिशत के योगदान से 2015 में 30 साल के लिए एमओयू हुआ था। 2016 से रांची के खेलगांव में स्कूली खेल प्रतिभाओं का चयन कर उनके प्रशिक्षण की सुविधा दी गयी है। यहां 1400 बच्चों के प्रशिक्षण की सुविधा है, लेकिन अभी यहां 92 लड़के और 128 लड़कियों को मिलाकर कुल 220 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सीसीएल ने दिया 5 मेगावाट का सोलर सिस्टम लगाने का प्रस्ताव बैठक में सीसीएल ने स्पोर्ट्स एकेडमी की गतिविधियों में बिजली की भारी खपत को देखते हुए खेलगांव में 5 मेगावाट का सोलर सिस्टम लगाने का प्रस्ताव रखा। इसका खर्च सीसीएल अपने सीएसआर फंड से करेगा। बैठक में गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, खेल-कूद विभाग के सचिव मनोज कुमार, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह समेत स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े पदाधिकारी शामिल थे। 2021-22 से अब तक प्रशिक्षित 1628 बच्चों ने जीते कई मेडल स्पोर्ट्स एकेडमी में 11 खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चार अन्य खेलों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षकों की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 2021-22 से अब तक स्पोर्ट्स एकेडमी से प्रशिक्षित 1628 बच्चों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कई मेडल जीते हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में चार गोल्ड, चार सिल्वर और छह कांस्य, राष्ट्रीय स्पर्धा में 74 गोल्ड, 70 सिल्वर और 118 कांस्य के अलावा राज्यस्तरीय स्पर्धाओं में 763 गोल्ड, 352 सिल्वर और 227 कांस्य पदक शामिल हैं। स्पोर्ट्स एकेडमी के बच्चों की शिक्षा के लिए खुलेगा प्लस-2 स्कूल मुख्य सचिव ने 4-5 साल तक के बच्चों को स्पोर्ट्स एकेडमी से जोड़ने की पहल करने का सुझाव दिया। स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े बच्चों की शिक्षा के लिए वहां सरकारी प्लस-2 स्कूल खोला जाएगा। स्कूली शिक्षा सचिव को प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि स्पोर्ट्स एकेडमी के पास इंफ्रास्ट्रक्चर है, सिर्फ शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जरूरत है।


