राजधानी में सीवरेज की लाइनें टूटीं:गंदे पानी से लोगों का जीना मुहाल, स्कूल और मंदिर के आसपास और गलियों में भरा रहता है बदबूदार पानी

ग्रेटर नगर निगम के मालवीय नगर जोन में जगह-जगह सीवर लाइनें और मैनहोल टूटने से गंदा और बदबूदार पानी लीकेज हो रहा है। गलियों में गंदा पानी भरे होने से लोगों का जीना मुहाल हो रखा है। हालात ये हैं कि लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो चुका है। लोग नगर निगम मुख्यालय सहित जोन कार्यालय के कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है। यहां तक कि स्थानीय निवासी और विकास समितियां मंत्री, विधायक, सांसद, आयुक्त और जोन उपायुक्त को ज्ञापन भी दे चुके हैं। जवाहर सर्किल स्थित सेक्टर 8 (पश्चिम) में कई महीनों से क्षतिग्रस्त सीवर लाइन से निकल रहे गंदे व बदबूदार पानी से सेक्टर-8 सहित 7 और 6 के लोग परेशान हैं। टूटी सीवर लाइनों के रिसाव से वातावरण दूषित हो रखा है। मालवीय नगर सेक्टर-8 विकास समिति के अध्यक्ष आरसी कटारा ने बताया कि जेएलएन मार्ग स्थित आवास विकास संस्थान व आसपास के काली माता मंदिर के बराबर सेक्टर 8,7 और 6 को जोड़ने वाली लिंक रोड पर सीवर लाइन टूट गई है। गंदा पानी चारों ओर भरा हुआ है। लोगों का सड़क से निकलना भी मुश्किल हो रखा है। पानी जमा होने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। ज्ञापन भी दिया… समिति के सह संरक्षक झामन टेकचंदानी ने बताया कि यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, आयुक्त रुक्मणी रियाड़ और जोन उपायुक्त प्रियव्रत सिंह चारण को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। गंदे पानी से बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। मालवीय नगर डी ब्लाॅक की गलियों में बह रहा गंदा पानी इधर, मालवीय नगर डी ब्लाॅक में भी पुरानी हो चुकी सीवर लाइनों के टूटने और मैनहोल खराब होने से गंदा पानी गलियों में बह रहा है। यहां तक कि स्कूल और मंदिर के आसपास भी गंदा पानी बहता रहता है। स्थानीय निवासी पुलकित भारद्वाज ने बताया कि सर्वानंद मार्ग, ज्ञान विहार स्कूल के आसपास और गलियों, बड़े पार्क व मंदिर के पास की गलियों में सीवर लाइन का गंदा पानी भरा होने से पैदल चलना संभव नहीं है। मैनहोल टूटे हुए हैं, जो आए दिन भर जाते हैं। यहां गत फरवरी में अधिकारियों ने मौका मुआयना भी किया था, तब आश्वासन दिया था कि क्षेत्र की सीवर लाइनें पुरानी होने से टूटी चुकी हैं, जिन्हें अमृत-2 योजना में बदलना प्रस्तावित है। “अभियंता स्तर पर मौका निरीक्षण कराकर जोन में जहां भी ऐसी समस्याएं हैं, अतिशीघ्र उनका समाधान कराया जाएगा।”
-प्रियव्रत सिंह चारण, उपायुक्त मालवीय नगर जोन, ग्रेटर नगर निगम हेरिटेज निगम के वार्ड -77 में 10 दिन से ठीक नहीं हुई सीवरेज लाइन
हेरिटेज निगम के वार्ड नंबर-77 के पुलिया नंबर-2 के मोहल्लों में 10 दिन से सीवरेज लाइन लीकेज है। इस वजह से आसपास के लोग बदबू से परेशान हैं। सीवर का पानी रास्ते में बह रहा है। इस गंदे पानी से दिन में हजारों लोगों की आवाजाही हो रही है। इसके बावजूद हेरिटेज निगम अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं। इसके अलावा कॉलोनी के रास्तों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। सफाईकर्मी गली में आने से मना करते हैं। साथ ही कचरे की गाड़ी भी महीनों में एक-दो बार आती हैं। इस वजह से कचरा नहीं उठ पा रहा है। कचरे से बदबू आने से लोग परेशान हैं। पार्षद सुरेश नावरिया भी लीकेज सीवरेज और कचरा उठाने के लिए अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। समाधान- मालवीय नगर जोन में आबादी लगातार बढ़ती जा रही है। फ्लैट कल्चर डवलप होने से लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जबकि सीवरेज सिस्टम पुरानी क्षमता के अनुसार ही है। इसकी वजह से लाइन ओवर फ्लो होती हैं। इसलिए अमृत योजना-2 के तहत अधिक क्षमता वाली लाइनें जल्द डाली जाएं। सीवरेज का बजट बढ़ाया जाए। अधिकारी क्षेत्र में समय-समय पर इसकी माॅनिटरिंग करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *