राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन:मुख्यमंत्री ने कहा- अंत्योदय का सिद्धांत विकास कार्यों की प्रेरणा, 4 साल में पूरा करेंगे हर किया वादा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल का पहला वर्ष उपलब्धियों भरा रहा है। हमारी सरकार ने पहले साल में ही प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सफलता पाई है और आने वाले चार वर्षों में हम प्रदेशवासियों से आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र में किए गए हर वादे को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हर साल अपने काम का हिसाब भी आमजन के बीच रखेगी। मुख्यमंत्री रविवार को जयपुर की पिंजरापोल गौशाला में आयोजित अंत्योदय सेवा शिविर समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साल पहले हमारी सरकार ने राजस्थान की जनता की सेवा करने की शपथ ली थी। जब हमने यह शपथ ली उससे पहले प्रदेश में महिलाओं के लिए असुरक्षा का माहौल था, युवा पेपरलीक की मार झेल रहे थे, जल जीवन मिशन का कार्य ठप्प पड़ा था और गरीब भ्रष्टाचार और शोषण के दलदल में फंसा था। इस एक वर्ष में हमारी सरकार ने प्रदेश के विकास को एक नई दिशा देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि अंत्योदय की दिशा में हमारे दृढ़ संकल्प और समाज के जरूरतमंद वर्गों को संबल देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का सिद्धांत पं. दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिया गया जो हमारी सरकार के विकास कार्यों की प्रेरणा हैं। मुख्यमंत्री एक वर्ष पूर्ण होने पर जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय विकास प्रदर्शनी ‘एक वर्ष-परिणाम उत्कर्ष’ का उद्घाटन किया। उन्होंने कृषि, पशुपालन, सहकारिता, चिकित्सा, उद्योग, ऊर्जा सहित अन्य विभागों की स्टॉल्स पर जाकर विभागों द्वारा करवाए गए विकास कार्यों, उपलब्धियों एवं नवाचारों का अवलोकन किया। सीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाकर अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जेडीए की अटल विहार, गोविंद विहार तथा पटेल नगर आवासीय योजना लांच की। सीएम ने जेडीए में ई-साइन के माध्यम से पेपर-लैस नाम हस्तांतरण की प्रक्रिया की भी शुरुआत की। इन योजनाओं की शुरुआत: मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान बाल संबल योजना व मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना की शुरुआत की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्रों की स्थापना के कार्यों का भी शुभारंभ किया। जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री का स्वागत : सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला पहुंचने पर मुख्यमंत्री को आमजन ने पुष्प एवं बुके भेंट कर उत्साहपूर्वक उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। समारोह स्थल पर दिव्यांग कलाकारों ने हैप्पी बर्थडे की धुन बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *