सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक ज्वेलरी दुकान में चोरी हो गई। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात चुरा लिए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें संदिग्ध चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिख रही है। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान मालिक ने भी चोरी से भारी नुकसान की आशंका जताई है। राजनगर क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस को अब तक कोई खास सफलता नहीं मिली है। हाल ही में बढ़ते अपराधों के मद्देनजर नए थानेदार की नियुक्ति की गई थी, फिर भी चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


