राजनांदगांव रेंज के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गुरुवार को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, पुलिस अधीक्षक वाय पी सिंह और आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी थाना क्षेत्र के ग्राम निडेली, शारदा और मिचगांव में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बर्तन सेट, गैती, फावड़ा, तसला और छाता वितरित किए। शारदा मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों को खेल सामग्री, स्कूल बैग और साइकिल दी गईं। ग्रामीणों को नक्सल आत्मसमर्पण नीति के बारे में दी जानकारी आईजी दीपक झा ने ग्रामीणों को सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण आईटीबीपी कैंप, थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय या राजनांदगांव स्थित आईजी कार्यालय में किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे किसी भी समस्या के लिए कैंप में मौजूद अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप भी उपस्थित थे। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी शारदा मिडिल स्कूल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में आईजी झा ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है, क्योंकि इससे बच्चों का समग्र विकास होता है। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी भी मौजूद रहे।


