छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति ने भेजी है। धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जिला न्यायालय परिसर को तुरंत खाली कराया गया। सभी जजों, वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वाले रास्तों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा घटना की जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ता और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। शुरुआती जांच में अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धमकी भरे मेल की जांच जारी जिला न्यायालय के आधिकारिक मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति ने बुधवार दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर बम से उड़ाने की धमकी भेजी थी। पुलिस और साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है। मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


