राजनीतिक कंट्रोवर्सी:‘बैज के भविष्य’ पर भिड़े भाजपा-कांग्रेस नेता, गिनाने लगे एक-दूसरे के दल में ‘गुट और टुकड़े’

भाजपा के विधायक अजय चंद्राकर ने दीपक बैज के दोबारा कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं बन पाने का बयान देकर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। इसे लेकर कांग्रेस भी हमलावर हो गई। बैज के भविष्य को लेकर शुरू हुई तकरार बढ़ते-बढ़ते कांग्रेस और भाजपा में अलग-अलग ‘गुटों और टुकड़ों’ तक पहुंच गई। चंद्राकर साथ देने सांसद बृजमोहन अग्रवाल मैदान में उतर गए तो कांग्रेस की ओर से दीपक बैज के साथ प्रदेश प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने मोर्चा संभाल लिया। कांग्रेस ने ‘ढाई का पहाड़ा’ अच्छी तरह से पढ़ लिया है : चंद्राकर
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में इस समय सबसे बड़े नेता भूपेश बघेल हैं। उनसे ठीक नीचे उनके शिष्य देवेंद्र यादव हैं। वे दीपक बैज को फिर अध्यक्ष नहीं बनने देंगे। कांग्रेस ने ‘ढाई का पहाड़ा’ अच्छे से पढ़ लिया है। पार्टी में नेतृत्व का गणित पहले ही तय हो गया है। सोनिया, राहुल और प्रियंका की कांग्रेस अलग-अलग : बृजमोहन
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में कई गुट हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कांग्रेस अलग है। इसी तरह प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और टीएस सिंहदेव की कांग्रेस भी अलग-अलग है। पहले यह तय होना चाहिए कि कौन-सी कांग्रेस कौन-सा काम करेगी? भाजपा कई टुकड़ों में बंटी हुई है, बृजमोहन का भी अपना गुट: बैज
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बृजमोहन के बयान पर कहा कि भाजपा खुद कई टुकड़े में बंटी है। यहां तक कि बृजमोहन का भी अलग गुट है। भाजपा में इतने टुकड़े हैं कि कोई कोना नहीं बचा है। हालांकि उन्होंने चंद्राकर के बयान पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। सरकार की कमियों से ध्यान भटका रहे भाजपा नेता: ठाकुर
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कामकाज से जनता नाराज है। खुद चंद्राकर कई बार नाकामियों पर सवाल उठा चुके हैं। वे सरकार बदलने की बात तो नहीं कर पा रहे। इसलिए कांग्रेस के आंतरिक मामलों में दखल देकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *