राजपुर में भीड़भाड़ वाले इलाकों से चुराते थे बाइक:सीसीटीवी की मदद से दो आरोपी पकड़ाएं; तीन लाख की पांच बाइक भी जब्त

बड़वानी जिले के राजपुर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच बाइक भी जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपए है। बता दें कि, राजपुर कस्बे में पलसुद रोड एटीएम के पास, सरकारी जिम के सामने, मीना बाजार, जुलवानिया रोड स्थित कियोस्क के सामने और एसबीआई बैंक के पास से बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में फरियादियों ने राजपुर थाने में शिकायत की थी। इसके बाद से ही पुलिस आरोपियाें की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ा वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी के निर्देश पर टीआई विक्रमसिंह बामनिया के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी की पांच बाइक बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप (19) पिता मला मेवाडे़ और शाहरुख (30) पिता नत्थु मंडलोई के रूप में हुई है। दोनों नांगलवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गवला के निवासी हैं। जब्त बाइक में दो स्प्लेंडर और तीन डीलक्स मॉडल शामिल हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाते थे आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे। शाहरुख पहले बाइक को धक्का देकर कुछ दूरी तक ले जाता था, इसके बाद दिलीप बिना चाबी के डायरेक्ट स्टार्ट कर वाहन चोरी कर लेता था। दोनों आरोपियों को राजपुर कोर्ट में पेश किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *