एक तरफ राजबाड़ा पैलेस में प्रतिबंध के बावजूद हो रही पार्टी से जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे रहे तो दूसरी तरफ उन्होंने नियमों का हवाला देकर लोगों के देशप्रेम में जोश भरने वाली 20 साल पुरानी रिवायत को रोक दिया। रिवायत हर साल 26 जनवरी के एक दिन पहले 25 जनवरी को राजबाड़ा के गणेश हॉल में राष्ट्रीयता पर आधारित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और मुशायरा की। दो साल से लाइट एंड साउंड शो होने का हवाला देकर इस कार्यक्रम के लिए संस्था को मंजूरी नहीं दी जा रही है। दरअसल, जन चेतना अभियान नामक संस्था हर साल 26 जनवरी और 15 अगस्त के एक दिन पहले राष्ट्रीयता से ओप प्रोत कार्यक्रम करवा रही है। 1998 से हर 14 अगस्त की रात राजबाड़ा चौक पर आजादी का जश्न मनाया जाता है। इसमें राष्ट्र भक्ति वाले गीत-संगीत, नृत्य होते हैं। वहीं, वर्ष 2003 से हर साल 25 जनवरी को राजबाड़ा के गणेश हॉल में मुशायरा और कवि सम्मेलन होता आया। अभियान के संयोजक पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने बताया कि यह गैर राजनीतिक कार्यक्रम रहता है। हालांकि राजबाड़ा में यह सिलसिला 2018 तक चला। फिर राजबाड़ा का जीर्णोद्धार शुरू होने पर 2019 और 2020 में अनुमति नहीं मिली। जोशी के अनुसार, 2022 और 2023 में भी राजबाड़ा के जीर्णोद्धार को कारण बताकर वहां कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई। 25 जनवरी 2024 के कार्यक्रम के लिए आवेदन दिया तो बताया गया कि पर्यटन विकास निगम द्वारा राजबाड़ा परिसर में रात में आठ और नौ बजे लाइट एंड साउंड शो किया जाता है। इसलिए यह जगह आवंटित करना संभव नहीं होगा। 2025 में भी अनुमति नहीं दी गई। छुट्टी का फायदा उठाकर की पार्टी
गौरतलब है कि राजबाड़ा में सोमवार को अवकाश रहता है। इस दिन राजबाड़ा आम लोगों के लिए नहीं खुलता और न ही यहां लाइट एंड साउंड शो होता है। इसी का अवसर उठाकर जैन सोशल ग्रुप एलिगेंट ने यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, पपेट शो की आड़ में डिनर पार्टी की। अफसर गायब, कुर्सी पर चिपकाया ज्ञापन
राजबाड़ा में हुई डिनर पार्टी को लेकर कांग्रेस सेवादल ने विरोध किया। जिला कार्यकारी अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी के नेतृत्व में मंडल पुरातत्व विभाग कार्यालय पहुंचा। यहां कोई अधिकारी नहीं मिला तो विरोध स्वरूप अधिकारी की कुर्सी पर ज्ञापन चिपकाया। तीन दिन की मोहलत दी
मामले में पुरातत्व विभाग इंदौर की प्रभारी उप संचालक डॉ. मनीषा शर्मा ने कहा- आयोजक अभिषेक लालवानी, राजबाड़ा प्रभारी और पुरातत्व विभाग के सब इंजीनियर पुष्पेंद्र रोकड़े, तकनीकी सहायक डीपी पांडेय एवं छाया चित्रकार अनिल जाेशी को नोटिस में तीन दिन की मोहलत दी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


