गुजरात के पोरबंदर में आयोजित 25वीं राष्ट्रीय स्तर की समुद्री तैराकी प्रतियोगिता ‘समुद्र वीर 2026’ में राजसमंद जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्रीराम सी स्विमिंग क्लब, पोरबंदर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए तैराकों के बीच राजसमंद के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई। राजसमंद झील में नियमित अभ्यास करने वाले 35 तैराकों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय पैरा स्विमर एवं कोच जगदीश चंद्र तेली ने किया। प्रतियोगिता में 50 वर्ष तक की वयस्क श्रेणी में 1 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर समुद्री तैराकी स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें राजसमंद के तैराकों ने दमदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सहयोगी कोच प्रहलाद वैष्णव और दिलीप टांक भी टीम के साथ मौजूद रहे। हर खिलाड़ी को मिला मेडल, जिले का नाम रोशन प्रतियोगिता में शामिल सभी तैराकों ने सफलता हासिल करते हुए मेडल और प्रमाण पत्र प्राप्त किए। इस उपलब्धि से राजसमंद जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ। अब तक 1100 से अधिक को दे चुके निशुल्क प्रशिक्षण बता दें, नौ चौकी स्विमिंग क्लब अब तक लगभग 1100 बच्चों, बच्चियों और वयस्कों को निशुल्क तैराकी प्रशिक्षण दे चुका है। क्लब वर्षों से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।


